गीत-ग़ज़ल के ये युवा सितारे मंच पर कर देते हैं फैंस को मंत्रमुग्ध
punjabkesari.in Friday, Dec 09, 2022 - 11:38 PM (IST)

टीम डिजिटल। कवि सम्मेलन अपने सौ वर्ष पूरे कर चुका है। इस दौरान कवि सम्मेलनों ने समाज, राष्ट्र और संस्कृति के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी बख़ूबी निभाई है। कवि सम्मेलन कविता पक्ष और मनोरंजन पक्ष का समागम है जो ठहाकों से ले कर वैचारिकता और राष्ट्र निर्माण तक का संदेशवाहक है। प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर तरुण राज अरोड़ा (Motivational Speaker Tarun Raj Arora) ने तो यहाँ तक कहा है कि कविता मनुष्य की बुद्धि और समाज के बीच का पुल है। कवि सम्मेलन मंचों के माध्यम से हर पीढ़ी के कई कवियों की प्रसिद्धि अन्य क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय स्तर तक पहुँची। आइये देखते हैं कि कवि सम्मेलन के शताब्दी वर्ष में, जहाँ हम अभी स्थिति हैं, वहाँ वर्तमान के कौन से युवा कवि प्रसिद्धि के उस रास्ते पर हैं जो शिखर तक जाता है।
1. डॉ अनामिका जैन अम्बर (Dr Anamika Jain Amber) - कविता का कम्प्लीट पैकेज
वर्तमान में मेरठ में निवास करने वाली युवा कवयित्री डॉ अनामिका जैन अम्बर आज के समय में कवि-सम्मेलन मंचों की सर्वाधिक व्यस्त और प्रसिद्ध कवयित्री कहलाने का गौरव पाती हैं। डॉ अनामिका देश-विदेश के प्रतिष्ठित मंचों पर काव्य पाठ करने के अलावा अलग-अलग टेलीविज़न चैनल्स पर प्रसारित विभिन्न कार्यक्रमों का केंद्रीय चेहरा होती हैं। गीत-ग़ज़ल से ले कर ओज और सामाजिक सरोकार की कविताओं में डॉ अनामिका सिद्धहस्त हैं। इसके अलावा सामयिक राजनीतिक हलचलों पर उनकी चुटीली क्षणिकाएं भी काफ़ी लोकप्रिय हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के दौरान उनका एक गीत 'यू पी में बाबा' ज़बरदस्त वायरल हुआ था।
2. डॉ तनवीर ग़ाज़ी (Dr Tanveer Gazi) - मायानगरी का बकमाल शायर
नन्दुरा महाराष्ट्र में जन्मे डॉ तनवीर ग़ाज़ी उर्दू के साहित्य मंच और मयनवरा मुंबई में बराबर का दखल रखते हैं। जहाँ एक ओर आप उन्हें कवि-सम्मलेन और मुशायरा मंचों पर अपने शब्दों का जलवा बिखेरते हुए देख सकते हैं, वहीं वो बॉलीवुड के हाई प्रोफ़ाइल पार्टीज़ में भी देखे जा सकते हैं। पिंक, हेट स्टोरी 2 और अक्टूबर जैसी फिल्मों के लिए लिरिक्स लिखने का श्रेय प्राप्त करने वाले डॉ तनवीर ग़ाज़ी को आईफा अवार्ड में भी नॉमिनेशन मिल चुका है। इसके अलावा उन्हें ऑस्ट्रेलिया के पार्लियामेंट में इंटरनेशनल अवार्ड मिला जो उनसे पहले अभिनेता सुनील दत्त और नरगिस को मिला था। उनके लिखे गीतों को तमाम बॉलीवुड गायकों के साथ-साथ महानायक अमिताभ बच्चन ने भी आवाज़ दी है।
3. कविता तिवारी (Kavita Tiwari) - इल्म से फिल्म तक की ओजस्वी यात्रा
कविता तिवारी एक ऐसा नाम है, जिन्होंने हिंदी कवि सम्मेलन में ओज को एक नया रंग-रूप दिया है। अब तक एक हज़ार से अधिक मंचों को अपनी काव्य प्रस्तुति से सुशोभित कर चुकी कविता तिवारी ने देश-विदेश में हिन्दी कविता और भारतीयता का प्रतिनिधित्व किया है। उनकी भाषा और प्रस्तुति के करोड़ों लोग दीवाने हैं। विशेष कर युवा वर्ग उनके गीतों का कायल हैं। उनके बाद कई युवा कवयित्रियों की रूचि ओज रस में बढ़ी है और वे मंच पर ओज कविता की प्रस्तुति को ले कर इस क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। सोनाक्षी सिन्हा और अजय देवगन की फ़िल्म 'भुज' में कविता तिवारी की कविता उनके स्वर में ही प्रस्तुत की गई है।
4. हिमांशु बवंडर (Himanshu Bawandar) - लाफ्टर का तूफ़ान
अमरावती, महाराष्ट्र से आने वाले हिमांशु बवंडर इतिहास से स्नातक हैं और हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट में डिप्लोमा किया है। इनके नाम में ही नहीं बल्कि इनके हास्य में भी ऐसा बवंडर है जो इन्हें उड़ा कर लाफ्टर चैलेंज 2022 के फाइनल तक ले गया। सोनी टीवी के इस शो में टॉप 3 में पहुंचे हिमांशु बवंडर लगभग एक हज़ार हिंदी कवि-सम्मेलनों को सुशोभित कर चुके हैं। रेस में हमेशा आगे रहने वाले हिमांशु को इंदौर हिंदी साहित्य अकादमी सम्मान, अंतर्राष्ट्रीय कबाड़ा सम्मान, सब टीवी बदलापुर अवार्ड, रेड एफएम हास्य कवि सम्मान और दूरदर्शन पर हंसाने का मुखिया सम्मान भी प्राप्त कर चुके हैं।
5. अमन अक्षर (Aman Akshar) - अक्षर अक्षर राम
मूंदी, ज़िला खंडवा, मध्य प्रदेश के रहने वाले अमन अक्षर कवि सम्मेलनों के सर्वाधिक प्रसिद्ध और व्यस्त नामों में से एक हैं। वैसे तो अमन अक्षर के कई गीत लोगों की जुबान पर हैं लेकिन उनके अक्षरों को पहचान राम गीत से मिली। यह गीत कवि-सम्मलेन के हर श्रोता तक पहुँची हैं। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद भी साहित्य के क्षेत्र में रहने वाले अमन अक्षर के लिखे गीतों को आवाज़ अमिताभ बच्चन, सोनू निगम जैसे दिग्गज़ो ने दी है। अमन ने उस्ताद ज़ाकिर हुसैन, पंडित शिव कुमार शर्मा, पद्मविभूषण हरि प्रसाद चौरसिया जैसी हस्तियों के साथ भी काम किया है।
6. हेमंत पांडे (Hemant Pandey) - कानपुर की शान, लाफ्टर की जान
अगर आप कानपुर की असली मस्ती देखना चाहते हैं तो हेमंत पांडे के वीडियोज़ देखिए। पिछले कई वर्षों से कवि-सम्मलेन मंचों पर उल्लेखनीय योगदान दे रहे हेमंत पांडे देश से सर्वाधिक लोकप्रिय हास्य कवियों में से एक हैं। सोनी टीवी पर प्रसारित लाफ्टर चैलेंज 2022 में भी हेमंत पांडे ने जनता को खूब गुदगुदाया और कानपुर का झंडा गाड़े रहे।
7. अंकिता सिंह (Ankita Singh) - कर ली दुनिया मुट्ठी में
पिछले कुछ समय में कविता के पटल पर अगर कोई नाम सर्वाधिक तेज़ी से उभरा है तो वो है कवयित्री अंकिता सिंह का नाम। अंकिता सिंह ने बहुत कम समय में कवि-सम्मेलनों में वो मुक़ाम हासिल कर लिया जो करने में कई वर्षों की प्रतीक्षा लगती है। विगत तीन वर्षों में उन्होंने यूएई, अमेरिका, भूटान और थाईलैंड जैसे देशों में हिंदी गीत विधा का परचम लहराया है जो कि अपने आप में उल्लेखनीय है।
8. प्रबुद्ध सौरभ (Prabudha Saurabh) - बॉलीवुड का चहेता शायर
इंजिनियर और एमबीए प्रबुद्ध सौरभ का नाम पिछले कुछ समय में कवि-सम्मेलनों के साथ-साथ बॉलीवुड में भी छाया हुआ है। इसका कारण हैं प्रबुद्ध सौरभ की लिखी रचनाएँ जो अब तक कई बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ कोट कर चुके हैं। महानायक अमिताभ बच्चन, सिंगर सोनू निगम, लिरिसिस्ट मनोज मुन्तशिर, कंपोजर विशाल ददलानी जैसे लोगों ने उनकी कविता को शेयर और कोट किया है। इसके अलावा सिंगर अरिजीत और युग कवि कुमार विश्वास के साथ काम करने का गौरव भी उनको हासिल है। बिहार की बाढ़ पर प्रबुद्ध सौरभ का लिखा एक गाना सोनू निगम और गीत सिंगर अल्ताफ़ राजा ने भी गाया है।
9. रितेश राजवाड़ा (Ritesh Rajwada) - कलम का बाहुबली
युवा शायर और लेखक रितेश राजवाड़ा अमेठी से आते हैं। जहाँ कवि-सम्मेलनों में जनता उनकी कविता और सस्वर प्रस्तुति की कायल हो जाती हैं, वहीं उनकी लिखी कुछ कविताएं जन-आन्दोलनों की आवाज़ बन गई है। उनकी लिखी 'बोल रे साथी हल्ला बोल' कविता को आप देश के कई आन्दोलनों में नारा-गीत की तरह सुन सकते हैं। मंचों के अलावा बॉलीवुड में भी रितेश राजवाड़ा का उल्लेखनीय काम है। उन्होंने 'मेजर' फ़िल्म के लिए गानों को कलमबद्ध किया है। इसके अलावा वेब सीरीज़ बाहुबली-बिफोर द बिगनिंग फिल्म के डायलॉग डायरेक्टर होने का श्रेय भी रितेश को जाता है।
10. पंकज प्रसून (Pankaj Prasoon) - साइंस की तलवार, कविता की धार
साइंटिस्ट पंकज प्रसून वैसे तो विज्ञान की दुनिया में कार्यरत हैं लेकिन उनकी कलम की धार की चर्चा भी ख़ूब हैं। एक श्रेष्ठ व्यंग्यकार के रूप में पंकज कई दैनिक अख़बारों और पत्रिकाओं में लेख लिखते हैं। इसके अलावा कवि-सम्मलेन मंचों पर भी वो अक्सर देखे जाते हैं। उनकी एक कविता 'लड़कियां बड़ी लड़का होती हैं' को कई प्रसिद्ध लोगों कोट किया है। यहाँ तक कि बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने भी उनकी कविताओं का कई बार उल्लेख किया है। उन्हें कई बड़े पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया है।