तापसी पन्नू ने खुद को बताया ‘डार्क हॉर्स’, बोलीं- ''हर फिल्म के साथ खुद को साबित करना पड़ता है...''
punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2026 - 02:04 PM (IST)
नई दिल्ली/ टीम डिजिटल। बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू की फिल्म ‘गांधारी’ को दुनियाभर में दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म लगातार तीन हफ्तों तक नेटफ्लिक्स की ग्लोबल टॉप 10 नॉन-इंग्लिश फिल्मों की लिस्ट में शामिल रही। फिल्म में तापसी के एक्शन अवतार और दमदार परफॉर्मेंस की भी तारीफ हो रही है। मुश्किल एक्शन सीक्वेंस से लेकर खुद स्टंट करने तक, एक्ट्रेस ने अपने किरदार के लिए काफी मेहनत की है।
खुद को ‘डार्क हॉर्स’ क्यों मानती हैं तापसी?
तापसी पन्नू ने अपने करियर और फिल्मों को लेकर बात करते हुए खुद को हिंदी सिनेमा का ‘डार्क हॉर्स’ बताया। उनका मानना है कि लोग अक्सर उनकी फिल्मों से बहुत ज्यादा उम्मीदें नहीं करते, लेकिन वह अपने काम से दर्शकों को चौंकाने की कोशिश करती हैं। एक्ट्रेस ने कहा, 'मैं खुद को डार्क हॉर्स कहती हूं, क्योंकि किसी को सच में भरोसा नहीं होता कि मैं क्या कर सकती हूं या आखिर में क्या करके दिखाऊंगी। जब ‘गांधारी’ आने वाली थी, तब किसी ने यह उम्मीद नहीं की थी कि वह साल की सबसे ज्यादा इंतजार की जाने वाली टॉप पांच फिल्मों में शामिल होगी। मेरे साथ हर फिल्म में ऐसा ही हुआ है, चाहे वह ‘थप्पड़’ हो, ‘पिंक’ हो या मेरी कोई दूसरी फिल्म।'
‘हर बार खुद को साबित करना पड़ता है’
तापसी ने आगे कहा कि वह कभी भी उन फीमेल स्टार्स में शामिल नहीं रही हैं, जिनकी फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार रहता है। उन्होंने माना कि कभी-कभी बार-बार खुद को साबित करने की जरूरत महसूस होने पर उन्हें बुरा भी लगता है। एक्ट्रेस के मुताबिक, वह उन टॉप तीन बड़ी फीमेल स्टार्स में शामिल नहीं हो पाएंगी, जिनकी फिल्म रिलीज होते ही दर्शकों को लगता है कि उसे देखना उनके समय के लायक होगा। हालांकि, उन्हें अपने ‘डार्क हॉर्स’ होने पर खुशी है। तापसी का मानना है कि कम उम्मीदों के बावजूद अपने काम से पहचान बनाना भी एक बड़ी उपलब्धि है।
‘पिंक’ और ‘थप्पड़’ से ‘गांधारी’ तक का सफर
तापसी पन्नू ने अपने करियर में हमेशा अलग तरह की कहानियों और चुनौतीपूर्ण किरदारों को प्राथमिकता दी है। ‘पिंक’ और ‘थप्पड़’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को सराहना मिली, वहीं ‘गांधारी’ में उन्होंने एक्शन के जरिए अपनी अलग छाप छोड़ने की कोशिश की है। फिल्म की ग्लोबल सफलता और उनके एक्शन अवतार को मिल रही तारीफ एक बार फिर तापसी की अभिनय क्षमता को चर्चा में ले आई है। एक्ट्रेस का सफर दिखाता है कि वह भले ही हर फिल्म की रिलीज से पहले सुर्खियों में न रहें, लेकिन अपने काम के दम पर दर्शकों का ध्यान खींचने की कोशिश जरूर करती हैं।
