‘हनुमान अंश’ की तेलुगु रिलीज पर विशाल चतुर्वेदी ने जताई खुशी, बोले- हनुमान जी हर जगह विराजमान हैं
punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 04:54 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने हैदराबाद में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ‘हनुमान अंश’ की तेलुगु रिलीज और तेलुगु दर्शकों से मिल रहे जबरदस्त प्यार के बारे में बात की। उन्होंने कहा, “हैदराबाद हनुमान जी की भूमि है। जब भी मैं हैदराबाद या इसके आसपास के इलाकों में आता हूं, मुझे कुछ दूरी पर विशाल हनुमान जी की मूर्तियां दिखाई दे जाती हैं। हालांकि मुझे लगता था कि उत्तर भारत में हम बड़े हनुमान भक्त हैं, लेकिन यहां आकर महसूस हुआ कि हनुमान जी तो हर जगह विराजमान हैं।”
विशाल ने तेलुगु दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि उनकी मांग के कारण फिल्म को तेलुगु में रिलीज करना जरूरी था। उन्होंने कहा, “तेलुगु दर्शकों की इतनी ज्यादा मांग थी कि हमें उनकी इच्छा पूरी करनी पड़ी।'' इसी के साथ उन्होंने जावेद सर और होम्बले फिल्म्स का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने तेलुगु रिलीज का समर्थन किया और फिल्म को मुंबई से हैदराबाद तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस कार्यक्रम में मौजूद मैत्री मूवी मेकर्स के निर्माता रवि शंकर ने भी फिल्म की शानदार बॉक्स ऑफिस सफलता पर प्रतिक्रिया दी। करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म के 400 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करने की रिपोर्ट्स पर उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए एक तमाचा है। हम करोड़ों रुपये खर्च करते हैं, फिर भी यह तय नहीं होता कि फिल्म कितना कमाएगी। ऐसे में 'हनुमान अंश' असली पैन-इंडियन फिल्म है। फिलहाल मैं निर्माताओं से अनुरोध करता हूं कि इसे जितनी भाषाओं में संभव हो, रिलीज करें।”
गौरतलब है कि तेलुगु रिलीज के साथ ‘हनुमान अंश’ अब हिंदी फिल्म से आगे बढ़कर एक व्यापक पैन-इंडियन सफलता की कहानी बनती जा रही है। आस्था और भक्ति के विषय पर आधारित यह फिल्म भाषा और क्षेत्र की सीमाओं को पार करते हुए देशभर के दर्शकों से लगातार जुड़ती जा रही है।
