एस.एस. राजामौली ने बताया 21वीं सदी की अपनी ऑल टाइम फेवरेट फिल्म, इस मूवी के हैं फैन

punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 02:49 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। राजकुमार हिरानी भारतीय सिनेमा के उन फिल्ममेकर्स में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी अलग कहानी कहने की शैली से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। ‘मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस.’, ‘लगे रहो मुन्ना भाई’, ‘3 इडियट्स’, ‘पीके’, ‘संजू’ और ‘डंकी’ जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने अपनी पहचान बनाई है। अब ‘बाहुबली’ और ‘आरआरआर’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए मशहूर फिल्ममेकर एस.एस. राजामौली ने हिरानी की एक फिल्म को अपनी पसंदीदा फिल्मों में शामिल किया है। राजामौली के मुताबिक, ‘मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस.’ 21वीं सदी की उनकी ऑल टाइम फेवरेट फिल्म है।

यूनिक कॉन्सेप्ट ने राजामौली को किया प्रभावित
एस.एस. राजामौली ने फिल्म के अनोखे कॉन्सेप्ट और कहानी कहने के अंदाज की तारीफ की है। ‘मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस.’ ने जिस तरह कॉमेडी और इमोशन के जरिए मेडिकल सिस्टम, रिश्तों और इंसानियत से जुड़े मुद्दों को पेश किया, वह दर्शकों को काफी पसंद आया था। राजामौली का फिल्म को अपना फेवरेट बताना राजकुमार हिरानी के लिए बड़ी तारीफ मानी जा रही है। हिरानी की फिल्मों की खासियत रही है कि वे मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेश को भी कहानी में सहज तरीके से शामिल करते हैं।

2003 में रिलीज हुई थी ‘मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस.’
‘मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस.’ साल 2003 में रिलीज हुई थी और यह राजकुमार हिरानी की डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म थी। फिल्म में संजय दत्त, ग्रेसी सिंह, अरशद वारसी, बोमन ईरानी, जिमी शेरगिल और रोहिणी हट्टंगड़ी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों दोनों की शानदार प्रतिक्रिया मिली। साल 2004 में इसे बेस्ट पॉपुलर फिल्म प्रोवाइडिंग होलसम एंटरटेनमेंट के लिए नेशनल फिल्म अवॉर्ड भी मिला था। फिल्म की सफलता के बाद इसका सीक्वल ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ भी बनाया गया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया।

‘प्रीतम एंड पेड्रो’ से हिरानी ने किया डिजिटल डेब्यू
वर्क फ्रंट की बात करें तो राजकुमार हिरानी ने हाल ही में ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ के साथ डिजिटल स्पेस में कदम रखा है। शो में उनके बेटे वीर हिरानी के साथ अरशद वारसी नजर आए हैं। साइबरक्राइम, कॉमेडी और थ्रिलर के कॉम्बिनेशन वाले इस शो को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। यह शो जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रहा है और हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, मलयालम, बंगाली, मराठी और कन्नड़ भाषाओं में उपलब्ध है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Manisha

Related News