इस बीमारी से जूझ रही हैं Shah Rukh Khan की ऑनस्क्रीन बेटी, बोलीं- सालों तक समझ नहीं पाई मुझे क्या हो रहा है
punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 03:26 PM (IST)
sana saeed bulimia disorder : शाहरुख़ खान की सुपरहिट फिल्म कुछ-कुछ होता है में बाल कलाकार के रूप में नजर आ चुकीं अभिनेत्री सना सईद ने हाल ही में अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक भावुक खुलासा किया। सना, करण जौहर की फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर में भी आलिया भट्ट के साथ अहम भूमिका निभा चुकी हैं। अब उन्होंने अपनी जिंदगी के उस कठिन दौर के बारे में खुलकर बात की, जिससे उबरने में उन्हें काफी समय लगा।
सोशल मीडिया पर सना सईद ने शेयर किया अपना एक्सपीरियंस
सना सईद ने वीडियो शेयर करते हुए बताया कि- मुझे सालों तक पता ही नहीं चला कि मुझे ईटिंग डिसऑर्डर है। ऐसा इसलिए नहीं था कि मैं परेशान नहीं थी, बल्कि इसलिए कि मैंने कभी इन शब्दों के बारे में सुना ही नहीं था। बड़े होते हुए किसी ने भी इस बारे में बात नहीं की।
मेरे साथ जो हो रहा था, उसे बताने के लिए कोई शब्द नहीं थे, इसलिए मैंने लंबे समय तक इसे चुपचाप और अकेले ही सहा।
जब मैंने आखिरकार बुलिमिया के बारे में पढ़ा, तो मुझे पहली बार समझ आया कि मेरे साथ क्या हो रहा है। और तब भी, इसे स्वीकार करने की शर्म—खुद से भी—को दूर करने में सालों लग गए। मैं यह इसलिए शेयर कर रही हूँ क्योंकि कहीं न कहीं कोई ऐसा व्यक्ति होगा जो किसी ऐसी चीज़ से गुज़र रहा है जिसका उसके पास अभी कोई नाम भी नहीं है। और मैं चाहती हूँ कि उन्हें पता चले कि इसका एक नाम है, आप अकेले नहीं हैं और इससे बाहर निकलने का एक रास्ता है।
अब पूरी तरह स्वस्थ हैं सना
मैं पूरी तरह ठीक हो चुकी हूं और मुझे अपने शरीर या अपनी ज़िंदगी में कभी इतना सहज महसूस नहीं हुआ। अगर आप किसी मुश्किल दौर से गुज़र रहे हैं, तो कृपया किसी ऐसे व्यक्ति से बात करें जिस पर आप भरोसा करते हैं या अपने इलाके में ईटिंग डिसऑर्डर सपोर्ट के बारे में पता करें। आप किसी ऐसे व्यक्ति से असली मदद पाने के हकदार हैं जो इसके लिए योग्य हो।
क्या होता है बुलिमिया नाम की बीमारी ?
जिन लोगों को नहीं पता उनको बता दें कि बुलिमिया नर्वोसा एक गंभीर इटिंग डिसऑर्डर है। इस बीमारी में व्यक्ति अपनी भूख से ज्यादा खाना खाता है। इतना ही नहीं इसके बाद व्यक्ति को उल्टी जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यदि समय रहते इसका इलाज कर लिया जाए तो इससे छुटकारा पाया जा सकता है।
