Ravi Dubey का बड़ा ऐलान, Sargun Mehta स्टारर पैन-इंडिया पंजाबी फिल्म पर काम शुरू
punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 06:18 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। टीवी और फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित प्रोड्यूसर-एक्टर कपल Ravi Dubey और Sargun Mehta अपनी प्रोडक्शन कंपनी Dreamiyata Entertainment के जरिए लगातार नए और अलग कंटेंट पर काम कर रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में इस बैनर ने दर्शकों से जुड़ी जमीनी कहानियों के जरिए इंडस्ट्री में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। अब यह जोड़ी एक बड़े कदम की तैयारी में है। ड्रीमियाटा एंटरटेनमेंट जल्द ही एक महत्वाकांक्षी पैन-इंडिया पंजाबी फिल्म बनाने जा रहा है, जिसमें सरगुन मेहता मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
रवि दुबे ने पहली बार शेयर की फिल्म की डिटेल
हाल ही में एक इंटरव्यू में Ravi Dubey ने इस प्रोजेक्ट को लेकर पहली बार कुछ जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह फिल्म पंजाब से निकलने वाली कहानी होगी, लेकिन इसे पूरे देश के दर्शकों के लिए बनाया जाएगा। रवि दुबे ने कहा,
'अभी इसके बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं कर सकता, लेकिन इतना जरूर बता सकता हूं कि यह पंजाब से निकलने वाली एक फिल्म है और इसमें सरगुन मेहता मुख्य किरदार में होंगी। यह एक पैन-इंडिया फिल्म होगी और हम इसे लेकर बेहद उत्साहित हैं।'
नए जॉनर को एक्सप्लोर करने की तैयारी
रवि दुबे के मुताबिक उनकी टीम इस फिल्म के जरिए एक ऐसे जॉनर को सामने लाना चाहती है, जिसे अब तक भारत में पूरी तरह एक्सप्लोर नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि फिल्म की कहानी के मुख्य हिस्से तैयार हो चुके हैं और स्क्रिप्ट पर तेजी से काम चल रहा है। साथ ही फिल्म के एसेट्स और म्यूजिक पर भी काम शुरू हो चुका है। रवि ने कहा कि इस प्रोजेक्ट को लेकर उनकी टीम इतनी उत्साहित है कि कई बार रातों की नींद भी उड़ जाती है, लेकिन वह इस क्रिएटिव प्रक्रिया का पूरा आनंद ले रहे हैं।
2025 ड्रीमियाटा के लिए रहा माइलस्टोन
साल 2025 Dreamiyata Entertainment के लिए बेहद खास रहा। इस बैनर ने पंजाबी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक Saunkan Saunkne 2 दी। इसके अलावा Sargun Mehta फिल्म Sarbala Ji में भी मुख्य भूमिका में नजर आईं, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला।
डिजिटल और टीवी पर भी बना चुके हैं मजबूत नेटवर्क
ड्रीमियाटा का यूट्यूब-फर्स्ट प्लेटफॉर्म Dreamiyata Drama भी लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। इस प्लेटफॉर्म पर अब तक 1.1 बिलियन से ज्यादा व्यूज़ और 9 बिलियन मिनट से ज्यादा वॉच टाइम दर्ज किया जा चुका है। साथ ही इस बैनर ने टीवी पर भी कई लोकप्रिय शो दिए हैं, जिनमें Udaariyaan, Swaran Ghar और Junooniyatt जैसे शो शामिल हैं।
रवि दुबे निभाएंगे लक्ष्मण का किरदार
इस बीच Ravi Dubey अपने करियर में एक नया कदम रखते हुए पौराणिक दुनिया में भी एंट्री करने जा रहे हैं। वह जल्द ही एक बड़े प्रोजेक्ट में लक्ष्मण की भूमिका निभाते नजर आएंगे। ऐसे में साफ है कि फिल्मों, टेलीविजन और डिजिटलतीनों प्लेटफॉर्म पर मजबूत पकड़ बना चुके रवि दुबे और सरगुन मेहता के लिए यह नया पैन-इंडिया प्रोजेक्ट उनके प्रोडक्शन हाउस के अगले बड़े दौर की शुरुआत साबित हो सकता है।
