National Crush ने जीता सबका दिल, 400 परिवारों का सहारा बनीं Rashmika Mandanna, 3 महीने तक उठाएंगी राशन का खर्च
punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 02:49 PM (IST)
Rashmika Mandanna : एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना ने अपने फैंस को हैरान करते हुए घोषणा की कि वे जरूरतमंदों की मदद करने की अपनी कोशिशों के तहत तीन महीने के लिए 400 परिवारों को गोद ले रही हैं। एक्ट्रेस, जो अपनी आने वाली फिल्म 'रणबाली' में जयम्मा का किरदार निभा रही हैं, ने बताया कि उनके किरदार और उनकी असल जिंदगी की पर्सनैलिटी में बहुत सी समानताएं हैं और उन्हें उम्मीद है कि उनकी यह पहल दूसरों को भी मदद का हाथ बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगी। अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर रश्मिका ने बताया कि उन्होंने अब तक अपने चैरिटी के कामों को गुप्त रखा था, लेकिन दूसरों को समाज में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करने की उम्मीद में उन्हें सबके साथ साझा करने का फैसला किया।
उन्होंने आगे कहा कि वह अगले साल भी इस पहल को जारी रखेंगी, एक बार में तीन महीने के लिए 400 परिवारों को सपोर्ट करेंगी और उन्हें किराने के सामान पर खर्च होने वाले पैसे बचाने में मदद करेंगी।
उन्होंने आगे लिखा, "आप जो किरदार निभाते हैं, उनमें कुछ ऐसा होता है जो आप पर असर डालता है... आप में से बहुत से लोग पूछते रहते हैं कि क्या जयम्मा और मुझमें कोई समानता है और मेरा जवाब है हां - और यह उनमें से एक है, मैं हमेशा से ऐसी ही रही हूँ और वह भी ऐसी ही है और आप मुझे जो प्यार देते हैं, उसके लिए मैं हमेशा ऐसे काम करती रहूंगी लेकिन मैंने इसे हमेशा गुप्त रखा क्योंकि मुझे लगता था कि अगर मुझे पता है, मेरी टीम को पता है और हममें से कुछ लोगों को पता है तो यह काफी है लेकिन अब मैं इस बारे में खुलकर बात कर रही हूं क्योंकि मैं सोच रही हूं। अगर यह आप प्यारे लोगों को ऐसा कुछ करने के लिए प्रेरित कर सके तो मुझे खुशी होगी।
400 परिवारों को लिया गोद
उन्होंने आगे कहा इसलिए मैंने सोचा कि क्यों न अभी इसी काम से शुरुआत की जाए। आज मैंने 400 परिवारों को गोद लिया है और मैं एक बार में 400 परिवारों की 3 महीने तक मदद करना चाहती हूं और अगले एक साल तक इसे जारी रखना चाहती हूं। उम्मीद है कि वे राशन पर होने वाले खर्च को बचा पाएंगे और उस पैसे का इस्तेमाल बचत करने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने में कर पाएंगे। उन्होंने आगे लिखा, "दया का एक छोटा सा काम भी किसी व्यक्ति की जिंदगी बदल सकता है और इसके लिए बहुत बड़ा काम करने की जरूरत नहीं है। आइए हम सब कुछ छोटे से शुरुआत करें और यकीन मानिए, ये मुस्कानें उन सभी रातों की नींद की कमी, चोटों, संघर्षों, दर्द और आंसुओं से कहीं ज़्यादा कीमती हैं, जिनसे मुझे पिछले कुछ सालों में गुजरना पड़ा है। यह अनमोल है !! यह पहल राहुल सांकृतियन के निर्देशन में बनी पीरियड एक्शन ड्रामा फिल्म रणबाली की रिलीज से पहले शुरू की गई है।
1876-78 के मद्रास अकाल की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में विजय देवरकोंडा 'रणबाली' की भूमिका में हैं, जो ब्रिटिश शासन के खिलाफ लड़ने वाला एक योद्धा है, जबकि रश्मिका उनकी पत्नी और साथी 'जयम्मा' का किरदार निभा रही हैं।
