बर्बाद करें अल्फाज मेरे... गलत ब्यान देकर बुरे फंसे Ranbir Kapoor, अब सबके सामने मांगी माफी
punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 11:20 AM (IST)
Ranbir Kapoor Controversy : अभिनेता रणबीर कपूर ने कोलकाता में एक दशहरा कार्यक्रम के दौरान दिए गए अपने बयानों के लिए माफी मांगी है। सोशल मीडिया पर उनके भाषण के वीडियो वायरल होने के बाद, उन्होंने स्पष्ट किया कि उनसे जुबान फिसल गई थी और उन्होंने असल में क्या कहना चाहा था।
मंगलवार को कोलकाता में दशहरा समारोह के दौरान भीड़ को संबोधित करते हुए, रणबीर ने बुराई पर अच्छाई की जीत के बारे में बात की और कहा, "बुराई कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में जीत सच्चाई और अच्छाई की ही होती है। साल्ट लेक के सेंट्रल पार्क में 'साल्ट लेक सांस्कृतिक संसद' द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की थीम 'राम एर अयोध्या - राम की अयोध्या' थी। इस कार्यक्रम में प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी और अभिनेता रवि दुबे भी मौजूद थे।
ऑनलाइन वीडियो वायरल होने के बाद, बुधवार को चेन्नई में एक कार्यक्रम के दौरान अभिनेता ने अपने संदेश को स्पष्ट किया।
उन्होंने कहा, "मैं कल हुई घटना के लिए माफ़ी मांगना चाहता हूं। मैं दशहरा कार्यक्रम में था और मुझसे बोलते समय गलती हो गई (जुबान फिसल गई)। मेरा मतलब यह था कि, 'बुराई चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में जीत अच्छाई और सच्चाई की ही होती है। अपनी बात को थोड़ा मजेदार अंदाज में रखते हुए, रणबीर ने अपनी फिल्म 'रॉकस्टार' और संगीतकार ए.आर. रहमान के साथ अपने काम का जिक्र किया। फिल्म के एक गाने की लाइन को कोट करते हुए उन्होंने कहा, "जो भी कहना चाहूं, बर्बाद करें अल्फ़ाज मेरे।
इस दौरान रणबीर के साथ 'रामायण' में उनकी को-स्टार साई पल्लवी भी मौजूद थीं। इस बीच, सोशल मीडिया पर भी इस घटना ने लोगों का ध्यान खींचा है, जहां अभिनेता की शुरुआती टिप्पणियों के क्लिप्स काफ़ी शेयर किए गए। 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में, साई पल्लवी सीता के रूप में, यश रावण के रूप में, सनी देओल हनुमान के रूप में और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नज़र आएंगे।
तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने 8 बार ऑस्कर जीत चुकी कंपनी DNEG और यश की 'मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स' के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म दो भागों में बनने वाली एक महागाथा है। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनिया भर में रिलीज होगा, और दूसरा भाग दिवाली 2027 में आएगा। यह फिल्म पूरे भारत में हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी और इसे IMAX में भी दिखाया जाएगा। भारत को छोड़कर बाकी दुनिया भर में सोनी पिक्चर्स इस फिल्म को डिस्ट्रीब्यूट करेगी, जबकि हिंदी भाषी बाजार में इसे धर्मा प्रोडक्शन्स डिस्ट्रीब्यूट करेगा।
