राम-सीता के प्रेम को समर्पित ‘जुड़ी जोड़ी’ रिलीज, श्रेया घोषाल की आवाज में सजा ‘रामायणम्’ का गाना
punjabkesari.in Thursday, Oct 29, 2026 - 02:33 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। करवा चौथ के मौके पर फिल्ममेकर नमित मल्होत्रा की आगामी फिल्म ‘रामायणम्’ का नया गाना ‘जुड़ी जोड़ी’ रिलीज किया गया है। भगवान राम और माता सीता के पवित्र रिश्ते को समर्पित यह गीत उनके प्रेम, विश्वास और जीवनभर साथ निभाने के वचन को खूबसूरती से पेश करता है। गाने को वर्ल्ड ऑफ रामायणम् और टी-सीरीज के आधिकारिक यूट्यूब चैनलों पर जारी किया गया है। करवा चौथ जैसे पति-पत्नी के रिश्ते को समर्पित त्योहार पर इसकी रिलीज इसे और खास बनाती है।
राम-सीता के विवाह के पलों की खूबसूरत झलक
‘जुड़ी जोड़ी’ में रणबीर कपूर और साई पल्लवी भगवान राम और माता सीता के किरदारों में नजर आ रहे हैं। गाना दोनों के विवाह के खूबसूरत पलों और उनके बीच के अपनापन को दिखाता है। इसके जरिए राम और सीता के रिश्ते में मौजूद श्रद्धा, भरोसे और एक-दूसरे का साथ निभाने की भावना को सामने लाने की कोशिश की गई है।
इस गीत की खासियत इसके भावनात्मक बोल और मधुर संगीत हैं, जो राम-सीता की प्रेम कहानी को एक अलग अंदाज में पेश करते हैं। गाने के जरिए मेकर्स ने ऐसे रिश्ते का जश्न मनाया है, जो प्रेम के साथ-साथ विश्वास और समर्पण की मिसाल भी है।
ए. आर. रहमान का संगीत, कुमार विश्वास के बोल
‘जुड़ी जोड़ी’ को ए. आर. रहमान ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। गाने को पांच भाषाओं हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में तैयार किया गया है, ताकि अलग-अलग भाषाओं के दर्शक भी इससे जुड़ सकें।
गाने के हिंदी वर्जन को श्रेया घोषाल ने आवाज दी है। तमिल वर्जन हीर, तेलुगु वर्जन सिरीषा भगवतुला, मलयालम वर्जन अमृता सुरेश और कन्नड़ वर्जन पूजा वैद्यनाथ ने गाया है। पांचों भाषाओं के मुख्य बोल कुमार विश्वास ने लिखे हैं। वहीं, तमिल वर्जन के बोल कार्तिक नेथा, तेलुगु के राकेंदु मौली, मलयालम के विनायक शशिकुमार और कन्नड़ के कार्तिक सरगुर ने तैयार किए हैं।
सोशल मीडिया पर भी हुआ गाने का ऐलान
फिल्म के मेकर्स ने सोशल मीडिया पर ‘जुड़ी जोड़ी’ का पोस्टर साझा करते हुए इसकी रिलीज की जानकारी दी। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, “इस करवा चौथ पर ऐसे प्यार का जश्न मनाएं, जो हमेशा बना रहे और ऐसे रिश्ते का, जो दिव्य हो। ‘जुड़ी जोड़ी’ गाना अब रिलीज हो गया है।”
दो भागों में आएगी ‘रामायणम्’
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायणम्’ भारतीय महाकाव्य की कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करेगी। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं।
नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने इस फिल्म को DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर बनाया है। फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। इसका पहला भाग 5 नवंबर, 2026 को और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा।
फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में दुनियाभर में रिलीज की जाएगी। इसे IMAX फॉर्मेट में भी देखा जा सकेगा। भारत को छोड़कर दुनियाभर में फिल्म के वितरण की जिम्मेदारी सोनी पिक्चर्स संभालेगी, जबकि हिंदी भाषी बाजार में धर्मा प्रोडक्शंस इसके डिस्ट्रीब्यूटर हैं। फिल्म के गाने टी-सीरीज के लेबल के तहत रिलीज किए जाएंगे।
