रामायणम् को बच्चों तक पहुंचाने निकले मेकर्स, 18 शहरों के 400 से ज्यादा स्कूलों में अभियान शुरु
punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 05:58 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। नमित मल्होत्रा की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायणम्' सिर्फ बड़े पर्दे तक सीमित नहीं रहने वाली है। फिल्म की रिलीज से पहले मेकर्स ने एक अनोखी सांस्कृतिक पहल की शुरुआत की है, जिसके जरिए देशभर के लाखों स्कूली छात्रों को भारतीय महाकाव्य रामायण की विरासत, मूल्यों और प्रेरणादायक कहानियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
देशभर में शुरू हुआ मेगा स्कूल एक्टिवेशन कैंपेन
'रामायणम्' की टीम ने अपनी पहली बड़े स्तर की कल्चरल आउटरीच पहल के तहत देशव्यापी स्कूल एक्टिवेशन कैंपेन शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारत के सबसे महान महाकाव्यों में से एक रामायण की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।
18 शहरों के 400 से ज्यादा स्कूल हुए शामिल
यह विशेष अभियान बेंगलुरु, दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत देश के 18 शहरों में चलाया गया, जहां 400 से अधिक स्कूलों के 5 लाख से ज्यादा छात्रों ने इसमें हिस्सा लिया। इस पहल को छात्रों के बीच जबरदस्त उत्साह और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।

ड्राइंग, क्विज और इंटरैक्टिव सेशंस से जोड़ा बच्चों को
कैंपेन के दौरान छात्रों के लिए कई रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें ड्राइंग प्रतियोगिताएं, क्रिएटिव एक्सप्रेशन सेशन, क्विज कॉम्पिटिशन और इंटरैक्टिव डिस्कशन शामिल रहे। इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों को मनोरंजक तरीके से रामायण की कथा और उसके मूल्यों से परिचित कराना था।
'हमारा सत्य, हमारा इतिहास' थी अभियान की थीम
इस विशेष पहल की थीम "हमारा सत्य। हमारा इतिहास।" रखी गई। अभियान के जरिए छात्रों को अपने परिवार के साथ मिलकर रामायण की कहानी को समझने और भारतीय संस्कृति से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। मेकर्स का मानना है कि रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवा पीढ़ी तक सांस्कृतिक विरासत को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।
भव्य स्टारकास्ट से सजी है 'रामायणम्'
निर्देशक नितेश तिवारी की इस मेगा बजट फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। वहीं यश रावण का दमदार किरदार निभा रहे हैं। इसके अलावा सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में दिखाई देंगे।

दुनियाभर में IMAX पर रिलीज होगी फिल्म
'रामायणम्' का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियो, 8 बार ऑस्कर विजेता VFX स्टूडियो DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से किया जा रहा है। यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 पर दुनियाभर के IMAX सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
