रामानंद सागर के पोते ने की ''रामायणम्'' की तारीफ, बोले- भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी उपलब्धि बन सकती है फिल्म

punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 03:34 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायणम्' का ट्रेलर रिलीज होने के बाद लगातार चर्चा में बना हुआ है। शानदार विजुअल्स, दमदार स्टारकास्ट और भव्य प्रस्तुति की हर ओर तारीफ हो रही है। अब रामानंद सागर के पोते शिव सागर ने भी फिल्म के ट्रेलर की खुलकर सराहना की है और इसे बड़े स्तर पर बनी शानदार प्रस्तुति बताया है।

ग्राफिक्स को लेकर बदली राय
एक इंटरव्यू में शिव सागर ने कहा कि शुरुआती प्रमोशनल वीडियो देखने के बाद उन्हें फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स को लेकर कुछ संदेह था। हालांकि ट्रेलर देखने के बाद उनकी राय पूरी तरह बदल गई। उन्होंने कहा कि पूरी स्टारकास्ट और फिल्म का भव्य पैमाना काफी प्रभावशाली लगा।

यश और साई पल्लवी के अभिनय की तारीफ
शिव सागर के मुताबिक, रावण के किरदार में यश बेहद दमदार नजर आ रहे हैं। वहीं माता सीता के रूप में साई पल्लवी का चयन भी उन्हें बिल्कुल सही लगा। उन्होंने खासतौर पर साई पल्लवी की संवाद अदायगी और स्क्रीन प्रेजेंस की सराहना करते हुए कहा कि वह इस भूमिका में पूरी तरह फिट दिखाई देती हैं।

भारतीय संस्कृति को दुनिया तक पहुंचाने की उम्मीद
शिव सागर का मानना है कि 'रामायणम्' सिर्फ भारतीय दर्शकों के लिए नहीं, बल्कि वैश्विक ऑडियंस को ध्यान में रखकर बनाई गई है। उन्होंने कहा कि अगर यह फिल्म भारतीय पौराणिक कथाओं, संस्कृति और फैंटेसी को दुनिया के सामने प्रभावशाली ढंग से पेश करती है, तो इससे पूरे भारतीय सिनेमा को बड़ा लाभ मिलेगा।

इन दृश्यों ने किया सबसे ज्यादा प्रभावित
शिव सागर ने ट्रेलर के कुछ खास दृश्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने पुष्पक विमान की डिजाइन और प्रस्तुति की सराहना की। इसके अलावा बाघ के रथ पर शूर्पणखा के रूप में रकुल प्रीत सिंह की एंट्री को भी उन्होंने ट्रेलर का यादगार पल बताया।

दमदार स्टारकास्ट से सजी है फिल्म
'रामायणम्' में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म को भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में गिना जा रहा है।

दो भागों में रिलीज होगी 'रामायणम्'
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा की प्राइम फोकस स्टूडियोज ने 8 बार ऑस्कर विजेता DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है। यह फिल्म दुनियाभर में IMAX फॉर्मेट में रिलीज होगी। 'रामायणम्: पार्ट 1' दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में आएगी, जबकि 'रामायणम्: पार्ट 2' दिवाली 2027 में रिलीज की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansi

Related News