राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मराठी फिल्म ‘फनरल’ का बनेगा हिंदी रीमेक, रवि भागचंदका बोले- ''इस कहानी का दिल...''

punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 01:19 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। प्रोड्यूसर Ravi Bhagchandka अब राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मराठी फिल्म Funeral का हिंदी रीमेक लेकर आने की तैयारी में हैं। फिलहाल फिल्म राइटिंग स्टेज में है और इसकी स्क्रिप्ट पर काम जारी है। दिल को छू लेने वाली कहानियों के लिए पहचाने जाने वाले रवि का कहना है कि ‘फनरल’ उन्हें इसकी इमोशनल ईमानदारी और अलग नजरिए की वजह से बेहद खास लगी।

'मौत को सिर्फ दुख नहीं, इंसानियत और जश्न के नजरिए से दिखाया'
रवि भागचंदका ने फिल्म को लेकर कहा, “फनरल में जो बात सबसे ज्यादा दिल को छू गई, वह इसकी भावनात्मक सच्चाई और इसकी सार्वभौमिक थीम है। मौत हर इंसान की जिंदगी का हिस्सा है, लेकिन फिल्मों में इसे अक्सर सिर्फ दुख और खोने के रूप में दिखाया जाता है। इस फिल्म ने पहली बार इसे गर्मजोशी, इंसानियत और रिश्तों के जश्न के रूप में पेश किया।”

उन्होंने आगे कहा कि फिल्म का इमोशनल एंगल बेहद अलग है, क्योंकि यह दिखाती है कि किसी का जाना भी रिश्तों को समझने और जीवन को महसूस करने का एक खास पल हो सकता है।

'अच्छी कहानी भाषा और क्षेत्र से ऊपर होती है'
राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी इस मराठी फिल्म ने रवि पर गहरा प्रभाव छोड़ा। उनका मानना है कि फिल्म भले ही मराठी संस्कृति से गहराई से जुड़ी हो, लेकिन इसके भाव हर इंसान को जोड़ते हैं। उन्होंने कहा, “सच्ची और असरदार कहानी वही होती है जो भाषा और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठ जाए। मुझे लगा कि यह कहानी हिंदी दर्शकों तक भी पहुंचनी चाहिए, लेकिन इसकी आत्मा और ऑथेंटिसिटी बरकरार रहनी चाहिए।”

'ऑडियंस मजबूत और ईमानदार कहानियों से जुड़ती है'
रीजनल सिनेमा के बढ़ते प्रभाव पर बात करते हुए रवि भागचंदका ने कहा कि अच्छी कहानी किसी एक भाषा या इंडस्ट्री की मोहताज नहीं होती। उनके मुताबिक, 'कहानी कहीं से भी आ सकती है चाहे वह ओरिजिनल आइडिया हो, किताब हो या अडैप्टेशन। मेरे लिए सबसे जरूरी इमोशनल कनेक्ट है। आखिर में दर्शक ईमानदार और मजबूत स्टोरीटेलिंग से जुड़ते हैं, यह मायने नहीं रखता कि कहानी कहां से आई है।'

हालांकि फिल्म की रिलीज टाइमलाइन अभी तय नहीं हुई है, लेकिन ‘फनरल’ के हिंदी रीमेक के जरिए रवि एक ऐसी कहानी बड़े दर्शकों तक पहुंचाना चाहते हैं, जो जिंदगी, रिश्तों और इंसानियत को दिल से सेलिब्रेट करती हो।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Manisha

Related News