Nana Patekar नहीं चाहते थे उनकी मौत पर कोई रोए, पहले ही कर चुके थे अपने अंतिम संस्कार की तैयारी... इस व्यक्ति ने खोले राज

punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 05:14 PM (IST)

Nana Patekar Last Rites : सेलिब्रिटी फोटोग्राफर अतुल कास्बेकर ने 8 अक्टूबर को दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर उन्हें याद किया। उन्होंने अपने अच्छे रिश्तों को याद किया और अपनी मुलाकातों में से एक का बेहद निजी किस्सा साझा किया। अतुल कास्बेकर ने बताया कि नाना पाटेकर ने एक बार उन्हें लकड़ी का ढेर दिखाया था जो उन्होंने अपने अंतिम संस्कार के लिए तैयार किया था। उन्होंने कहा कि अभिनेता ने मजाक में कहा था कि वे नहीं चाहते कि उनके अंतिम संस्कार में लोग सिर्फ़ इसलिए रोएं क्योंकि गीली लकड़ी के धुएं से उनकी आंखों में जलन हो रही हो।

कई यादें साझा करते हुए, कास्बेकर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, "नाना साहब, क्या इंसान थे ?  कितना बड़ा नुकसान है। नाना पाटेकर के साथ मेरा बहुत अच्छा रिश्ता था। हम अक्सर नहीं मिलते थे लेकिन जब भी मिलते थे, ऐसा लगता था जैसे कल ही मिले हों। उन्हें इस बात पर बहुत गर्व था कि महाराष्ट्र के ही एक व्यक्ति ने फोटोग्राफी में नाम कमाया है। हमेशा प्यार भरी बातें करते थे, जिनमें हमेशा उनका खास तीखा मजाक भी शामिल होता था।उन्होंने आगे कहा, "अप्रत्याशित। जोशीले। अपनी अलग पहचान रखने वाले। नाना साहब किसी कमरे में बस आते नहीं थे, बल्कि उस पर छा जाते थे। मेरी सबसे प्यारी यादों में से एक है अपनी प्रदर्शनी ऑनेस्ट: पोर्ट्रेट्स ऑफ कैरेक्टर के लिए उनकी तस्वीरें खींचना, जो शायद उनके आखिरी औपचारिक पोर्ट्रेट सेशन में से एक था। 

उन्होंने जोर देकर कहा कि मैं पुणे के पास उनके फार्म पर आऊं। उन्होंने आगे लिखा, "उनका पहला सवाल यही था कि कितने लोग आ रहे हैं। क्रू के आकार की चिंता के कारण नहीं बल्कि इसलिए क्योंकि सभी को लंच परोसा जाना और क्या शानदार दावत थी ! हर असिस्टेंट, स्पॉट बॉय और ड्राइवर को उनके मुख्य डाइनिंग एरिया में बैठाया गया था और नाना साहब खुद घूम-घूमकर सबको एक्स्ट्रा रोटियां और अपना मशहूर मटन परोस रहे थे।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Atul Kasbekar (@atulkasbekar)

 उन्होंने आगे कहा, "कोई दिखावा नहीं, कोई ताम-झाम नहीं। बस एक ऐसे इंसान की जबरदस्त दरियादिली, जो अपनी एक भौंह उठाकर पूरे फिल्म सेट पर रौब जमा सकता था। फिर उन्होंने गर्व से मुझे अपनी प्रॉपर्टी दिखाई, जिसमें उनका जिम भी शामिल था, जहां उन्होंने बिना किसी तैयारी के एक बार में दर्जन भर ट्राइसेप डिप्स कर दिखाए। बिना किसी वॉर्म-अप के। क्या कमाल का अंदाज था और फिर, एक अजीब लेकिन मजेदार पल में, उन्होंने मुझे लकड़ियों का वह ढेर दिखाया जो उन्होंने अपने अंतिम संस्कार के लिए तैयार किया था।

उन्होंने आगे बताया, "उन्होंने समझाया कि उन्होंने लकड़ियों को सूखा रखा था, क्योंकि गीली लकड़ी से धुआं निकलता है, और वह नहीं चाहते थे कि लोग उनके अंतिम संस्कार में सिर्फ़ इसलिए रोएं क्योंकि धुआं उनकी आंखों में जा रहा है ! सिर्फ़ नाना साहब ही अपने अंतिम संस्कार को भी कॉमेडी का हिस्सा बना सकते थे। एक ज़बरदस्त एक्टर। एक पीढ़ी की आवाज। एक प्रभावशाली व्यक्तित्व और उस रौबदार बाहरी रूप के पीछे, एक बेहद दरियादिल और नेक इंसान। उनके जाने का दुख अपना सा लगता है। जैसे पेट में जोरदार मुक्का लगा हो। मुझे उनके पोर्ट्रेट बनाने का सम्मान मिला, लेकिन उससे कहीं ज़्यादा मैं उस समय, बातचीत और हंसी-मजाक के लिए शुक्रगुजार हूं जो हमने साथ बिताया।" उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, "मल्हार, नीलू जी और उनके सभी चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। आराम से सोइए, नाना साहब। आपके जैसा दूसरा कोई कभी नहीं होगा।

 इससे पहले, अतुल कास्बेकर ने भी अप्रैल 2026 में पाटेकर का वर्कआउट करते हुए एक वीडियो शेयर किया था, जो उनके निधन के बाद फिर से सामने आया। क्लिप में, पाटेकर सफेद बनियान और शॉर्ट्स पहने और गले में गमछा डाले जिम में आसानी से ट्राइसेप डिप्स करते हुए दिखे। उन्होंने कई रेप्स पूरे किए और फिर कैमरे की ओर देखकर मुस्कुराए, कास्बेकर ने उनकी फ़िटनेस की तारीफ की और उन्हें लिजेंड बताया। जानकारी के लिए बता दें कि अतुल कास्बेकर की यह यादें 8 अक्टूबर 2026 को 75 साल की उम्र में नाना पाटेकर के निधन के बाद सामने आई हैं। गोवा के डोना पाउला स्थित अपने घर पर कार्डियक अरेस्ट के कारण एक्टर का निधन हो गया। उन्हें मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन लगभग 45 मिनट बाद सुबह 5:20 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News