‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ ने सिनेमाघरों में मचाया धमाल, सुबह के शोज में दिखी जबरदस्त भीड़
punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 02:19 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। लंबे इंतजार के बाद ‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ आखिरकार बड़े पर्दे पर रिलीज हो गई है। एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज की इस फिल्म के साथ पहली बार लोकप्रिय ‘मिर्ज़ापुर’ फ्रेंचाइज़ी की कहानी सिनेमाघरों तक पहुंची है। रिलीज के साथ ही फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिलता दिखाई दे रहा है।
फर्स्ट डे फर्स्ट शो के दौरान कई सिनेमाघरों में दर्शकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। फिल्म को लेकर पहले से बने बज़ और एडवांस बुकिंग का असर अब थिएटरों में भी नजर आ रहा है।
सुबह के शो में दिखा क्रेज
‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ के मॉर्निंग शोज को लेकर सामने आई तस्वीरें और वीडियो दर्शकों के उत्साह की कहानी बयां कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुबह 9 बजे का एक शो लगभग हाउसफुल रहा।
खास बात यह है कि यह शो एक प्रीमियम मल्टीप्लेक्स में था, जहां आमतौर पर इतनी बड़ी भीड़ हॉलीवुड की बड़ी फिल्मों के फर्स्ट डे फर्स्ट शो के दौरान देखने को मिलती है। ऐसे में ‘मिर्ज़ापुर’ के फैंस का यह क्रेज फिल्म की लोकप्रियता को दिखाता है।
#NowWatching #MirzapurTheMovie
— Joginder Tuteja (@Tutejajoginder) September 4, 2026
Good to see 9 AM show almost packed and that too at an upscale multiplex where I usually see such crowds FDFS only for #Hollywood tentpole films.
Wonderful to see audiences continuing to patronise films one Friday after another in good numbers.
सोशल मीडिया पर भी थिएटर के बाहर और अंदर से दर्शकों के रिएक्शन सामने आ रहे हैं। लंबे समय से इस फ्रेंचाइज़ी का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़े पर्दे पर कालीन भैया और मिर्ज़ापुर की दुनिया को देखना अपने आप में खास अनुभव है।
OTT की दुनिया से थिएटर तक पहुंची ‘मिर्ज़ापुर’
‘मिर्ज़ापुर’ भारतीय ओटीटी की सबसे लोकप्रिय फ्रेंचाइज़ी में गिनी जाती है। वेब सीरीज के जरिए घर-घर तक पहुंची इस दुनिया को अब मेकर्स ने थिएट्रिकल फॉर्मेट में पेश किया है।
फिल्म की रिलीज के साथ फ्रेंचाइज़ी ने एक नया अध्याय शुरू किया है। ऐसे में अब दर्शकों की नजर फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन के साथ-साथ इस बात पर भी है कि बड़े पर्दे पर ‘मिर्ज़ापुर’ का फॉर्मूला कितना असरदार साबित होता है।
गुरमीत सिंह ने किया निर्देशन
‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ को गुरमीत सिंह ने डायरेक्ट किया है। फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले पुनीत कृष्णा ने लिखा है। फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है।
वहीं कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी फिल्म के को-प्रोड्यूसर हैं। अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने इसे प्रस्तुत किया है।
4 सितंबर को रिलीज हुई फिल्म
‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। अब शुरुआती दर्शक प्रतिक्रिया और थिएटरों में नजर आ रही भीड़ के बाद फिल्म के पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर सभी की नजरें टिकी हैं।
