थिएटर में बरकरार रहेगा ‘मिर्जापुर’ का रॉ अंदाज, CBFC से मिली हरी झंडी

punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 02:52 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन MGM स्टूडियोज की ‘मिर्जापुर: द मूवी’ अपनी थिएट्रिकल रिलीज से पहले लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। ओटीटी पर धूम मचा चुकी ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी अब पहली बार बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। फिल्म की रिलीज में अब सिर्फ 3 दिन बाकी हैं और इसी बीच इसके सेंसर सर्टिफिकेट को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है।

फिल्म से जुड़े एक करीबी सूत्र के मुताबिक, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को CBFC से बेहद मामूली बदलावों के साथ सर्टिफिकेट मिला है। सूत्र ने बताया कि फिल्म में मेकर्स के विजन के मुताबिक इसकी रॉ और अनफिल्टर्ड फील को बरकरार रखा गया है।

35 सेकंड के कट की खबरों पर क्या है अपडेट?
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि सेंसर बोर्ड ने फिल्म से करीब 35 सेकंड का फुटेज हटाया है। हालांकि, सूत्र ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि फिल्म में कोई बड़ा कट नहीं लगाया गया है और सिर्फ बहुत कम बदलाव किए गए हैं। इसका मतलब है कि फैंस बड़े पर्दे पर ‘मिर्जापुर’ की उसी बेबाक और इंटेंस दुनिया को देखने वाले हैं, जिसका अनुभव उन्होंने अब तक ओटीटी पर किया है। थिएट्रिकल फॉर्मेट में कहानी और किरदारों का स्केल हालांकि पहले से कहीं बड़ा होने वाला है।

पंकज त्रिपाठी ने बताया थिएटर में कैसा होगा ‘मिर्जापुर’ का अनुभव
फिल्म में कालीन भैया का किरदार निभाने वाले पंकज त्रिपाठी ने थिएटर में ‘मिर्जापुर’ देखने के अनुभव को लेकर कहा कि जब किसी परफॉर्मेंस या आर्ट फॉर्म को लोग मिलकर देखते हैं तो उसका प्रभाव बिल्कुल अलग हो जाता है।

उन्होंने बताया कि पहले ‘मिर्जापुर’ को लोग अकेले देखने वाली चीज मानते थे, लेकिन अब यह ‘पार्टी मोड’ में आ गया है। उनके मुताबिक दुनिया और किरदार वही हैं, लेकिन कहानी नई है और बड़े पर्दे पर इसका अनुभव काफी बड़ा होने वाला है।

पहली बार थिएटर में दिखेगी ‘मिर्जापुर’ की दुनिया
‘मिर्जापुर’ भारतीय ओटीटी की सबसे चर्चित क्राइम-थ्रिलर फ्रेंचाइजी में से एक रही है। कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया जैसे किरदारों ने दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान बनाई है। अब इन्हीं किरदारों की दुनिया को सिनेमाघरों में देखने के लिए फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

फिल्म के टीजर और ट्रेलर को पहले ही दर्शकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल चुकी है। ऐसे में सेंसर से लगभग बिना किसी बड़े बदलाव के क्लियरेंस मिलने की खबर फैंस के लिए रिलीज से पहले एक और बड़ी खुशखबरी है।

4 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है। इसके को-प्रोड्यूसर कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी हैं।

फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। अब देखना होगा कि ओटीटी पर कल्ट स्टेटस हासिल कर चुकी ‘मिर्जापुर’ की दुनिया बड़े पर्दे पर दर्शकों को कितना प्रभावित करती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansi