Friends एक्टर Matthew Perry को मिला न्याय, Ketamine Queen को हुई 15 साल की जेल

punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 05:09 PM (IST)

Matthew Perry Death News : हॉलीवुड अभिनेता Matthew Perry की मौत से जुड़े मामले में बड़ा फैसला सामने आया है। इस केस में ‘केटामाइन क्वीन’ के नाम से चर्चित Jasveen Sangha को अदालत ने 15 साल की सजा सुनाई है।

Matthew Perryरिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार को संघीय अदालत में पेशी के दौरान जज शेरिलिन पीस गार्नेट ने जसवीन संघा को कुल 180 महीने की कैद की सजा दी। इसके साथ ही जेल से रिहाई के बाद तीन साल तक निगरानी में रहने का आदेश भी दिया गया है।

सजा से पहले मांगी माफी
फैसला सुनाए जाने से कुछ घंटे पहले ही संघा ने अदालत में अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनके पास अपने कृत्य का कोई बचाव नहीं है और उन्होंने जो दर्द दिया है, उसके लिए वह गहराई से शर्मिंदा हैं—खासतौर पर मैथ्यू पेरी के परिवार के लिए। संघा ने यह भी माना कि ड्रग्स का अवैध कारोबार करना और उसी रास्ते पर आगे बढ़ते रहना उनकी गंभीर भूल थी, जो खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना थी।

Matthew Perry

मामले में सभी आरोपी दोषी
जसवीन संघा इस केस की पांचवीं और आखिरी आरोपी हैं, जिन्होंने आधिकारिक तौर पर अपना गुनाह कबूल किया। इससे पहले इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों ने भी अपनी भूमिका स्वीकार की थी।

गौरतलब है कि ‘फ्रेंड्स’ सीरीज से दुनियाभर में पहचान बनाने वाले मैथ्यू पेरी अक्टूबर 2023 में अपने घर पर मृत पाए गए थे। जांच में सामने आया कि उनकी मौत केटामाइन के ओवरडोज से हुई थी।

डॉक्टर समेत कई लोगों की भूमिका
इस मामले में पेरी के डॉक्टर Salvador Plasencia ने भी स्वीकार किया कि उन्होंने अभिनेता को बिना वैध चिकित्सीय कारण के केटामाइन उपलब्ध कराया था। इसके अलावा एरिक फ्लेमिंग, केनेथ इवामासा और मार्क चावेज़ जैसे अन्य आरोपी भी ड्रग्स सप्लाई की साजिश में शामिल पाए गए और उन्होंने भी दोष स्वीकार किया।

Matthew Perry

यह पूरा मामला हॉलीवुड में ड्रग्स के अवैध नेटवर्क और उसके खतरनाक असर को उजागर करता है, जिसने एक लोकप्रिय अभिनेता की जान ले ली।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News