4.5 साल पहले मिला था ‘गवर्नर’ का ऑफर, पहली स्क्रिप्ट पढ़ते ही एक्साइटेड हो गए थे मनोज बाजपेयी

punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 01:50 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। फिल्म ‘गवर्नर’ का दमदार ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसने रिलीज होते ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता पैदा कर दी है। इससे पहले फिल्म का टीज़र भी काफी चर्चा में रहा था, लेकिन अब ट्रेलर ने कहानी की गंभीरता और फिल्म के बड़े स्तर को साफ कर दिया है। यह फिल्म भारत के आर्थिक इतिहास के उस कठिन दौर को दिखाती है जब साल 1990 में देश आर्थिक संकट और दिवालिया होने की कगार पर पहुंच गया था।

ट्रेलर में दिखा आर्थिक संकट का खौफनाक दौर
ट्रेलर में उस दौर के तनाव, राजनीतिक हालात और आर्थिक चुनौतियों को बेहद प्रभावशाली अंदाज़ में दिखाया गया है। फिल्म में मनोज बाजपेयी मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि अदा शर्मा भी अहम किरदार में नजर आ रही हैं। दोनों की परफॉर्मेंस ट्रेलर में काफी दमदार दिखाई दे रही है।

मनोज बाजपेयी ने किया बड़ा खुलासा
ट्रेलर लॉन्च के दौरान मनोज बाजपेयी ने फिल्म से जुड़ा दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से निर्माता विपुल अमृतलाल शाह के साथ काम करना चाहते थे। मनोज ने कहा, “मैं विपुल को कई सालों से जानता हूं लेकिन हमें कभी साथ काम करने का मौका नहीं मिला। मैं उनसे किसी प्रोजेक्ट के लिए पूछ भी रहा था क्योंकि वे इंडस्ट्री के बेहद सफल प्रोड्यूसर हैं। करीब 4.5 साल पहले उन्होंने इस फिल्म के लिए मुझसे संपर्क किया था। मुझे इसका पहला ड्राफ्ट ही इतना रोमांचक लगा कि इसके बाद हमारी बातचीत लगातार चलती रही।”

सच्ची घटनाओं से प्रेरित है ‘गवर्नर’
सच्ची घटनाओं से प्रेरित फिल्म ‘गवर्नर’ भारत के सबसे बड़े आर्थिक संकट की कहानी को बड़े पर्दे पर लेकर आ रही है। ट्रेलर में मनोज बाजपेयी एक ऐसे ‘गवर्नर’ के किरदार में नजर आ रहे हैं, जो देश को आर्थिक तबाही से बाहर निकालने की कोशिश करता दिखाई देता है। उनका यह अंदाज़ पहले से काफी अलग और गंभीर नजर आ रहा है।

शानदार टीम ने बनाई है फिल्म
फिल्म का निर्देशन चिन्मय मांडलेकर ने किया है, जबकि इसे विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है। आशिन ए. शाह फिल्म के को-प्रोड्यूसर हैं। फिल्म की स्क्रिप्ट सुवेंदु भट्टाचार्यजी, सौरभ भारत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखी है। जावेद अख्तर के लिखे गीतों को अमित त्रिवेदी ने संगीत दिया है। फिल्म ‘गवर्नर’ 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Reetu sharma

Related News