पति संग ओणम के रंग में रंगी एक्ट्रेस Keerthy Suresh, एक्टर Nani भी पत्नी संग वीडियो कॉल पर हुए शामिल
punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 07:15 PM (IST)
Keerthy Suresh : साउथ की मशहूर एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश ने मंगलवार को अपने बिजनेसमैन पति एंटनी थट्टिल और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ओणम सेलिब्रेशन की खुशमिजाज झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर कीं।
इस सेलिब्रेशन में उनके को-स्टार नानी भी अपनी पत्नी अंजना येलावरथी के साथ डिजिटल रूप से शामिल हुए। दोनों को कीर्ति और एंटनी के साथ वीडियो कॉल पर बातचीत करते देखा गया।
इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में लिखा था, "मेरे कुछ सबसे करीबी लोगों के साथ ओणम का दिन बहुत ही शानदार और खूबसूरत रहा... हमने कई बार 'साध्या' (पारंपरिक दावत) का आनंद लिया, खूब हंसे-मज़ाक किया और जाहिर है, इन पलों को इंस्टाग्राम पर शेयर करने में थोड़ा समय लग गया।
कीर्ति ने इस त्योहार के लिए क्रीम, गोल्ड और रेड रंग की पारंपरिक कासावु साड़ी पहनी थी। उन्होंने अपने एथनिक लुक को हल्के सुनहरे गहनों और खुले बालों के साथ पूरा किया। वहीं, एंटनी ने हरे रंग का कुर्ता और मुंडू पहना था।
इस एल्बम में उनकी साध्या (केले के पत्ते पर परोसा गया भोजन) की झलक भी शामिल थी। कीर्ति ने त्योहार के दौरान अपने दोस्तों और परिवार के सदस्यों के साथ ली गई कुछ प्यारी सेल्फी भी अपलोड कीं।
नानी ने भी सोशल मीडिया पर कीर्ति की इस लेटेस्ट पोस्ट पर तीन रेड हार्ट इमोजी के साथ अपनी प्रतिक्रिया दी। गौरतलब है कि कीर्ति और नानी ने एक नहीं, बल्कि दो फिल्मों में साथ काम किया है।
वे पहली बार 2017 में तेलुगु ड्रामा 'नेनु लोकल' में एक साथ नजर आए थे। त्रिनाधा राव नक्कीना द्वारा निर्देशित यह फिल्म एक बेफिक्र लड़के के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे एक लड़की (कीर्ति द्वारा अभिनीत) से प्यार हो जाता है। कीर्ति और नानी एक बार फिर श्रीकांत ओडेला की फिल्म 'दसारा' के लिए साथ आए, जो 2023 में रिलीज हुई थी। ये दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल रहीं।
15 साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद, कीर्ति और एंटनी ने आखिरकार 12 दिसंबर, 2024 को गोवा में शादी कर ली। इस जोड़े ने हिंदू और ईसाई दोनों रीति-रिवाजों से शादी की।
