पेरिस में जान्हवी कपूर ने बिखेरा भारतीय शिल्प का जलवा, कस्टम साड़ी लुक में दिखीं बेहद खास
punjabkesari.in Sunday, Oct 04, 2026 - 03:37 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। बॉलीवुड एक्ट्रेस जान्हवी कपूर ने पेरिस में आयोजित BoF 500 गाला में अपने फैशन लुक से भारतीय डिजाइन और कारीगरी को ग्लोबल मंच पर पेश किया। इस खास इवेंट के लिए एक्ट्रेस ने पंकज एस हेरिटेज का कस्टम आउटफिट चुना, जिसे सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने स्टाइल किया था।
जान्हवी के इस लुक में पारंपरिक भारतीय साड़ी की झलक को मॉडर्न फैशन के साथ जोड़ा गया था। ऑफ-व्हाइट रंग के इस आउटफिट में छह गज की साड़ी के पारंपरिक सिल्हूट को नए अंदाज में पेश किया गया।
मॉडर्न अंदाज में दिखी साड़ी की झलक
जान्हवी के आउटफिट में लो-स्लंग ड्रेप, खुले कंधे और फर्श तक जाता हुआ लंबा पल्लू खास आकर्षण रहा। पूरे लुक का बेस आइवरी टोन में रखा गया था, जिसने आउटफिट को एक एलिगेंट और सॉफ्ट अपील दी। इस कस्टम लुक को 460-काउंट बंगाल मलमल से तैयार किया गया था। इसके जरिए भारतीय टेक्सटाइल की बारीकी और पारंपरिक कारीगरी को आधुनिक फैशन के साथ जोड़ने की कोशिश की गई।
हैंडक्राफ्टेड डिटेलिंग ने बढ़ाई खूबसूरती
जान्हवी के आउटफिट पर की गई हैंडक्राफ्टेड डिटेलिंग ने पूरे लुक को खास बनाया। इसमें गोल्ड बीड्स के साथ मोतियों, सीपियों, पन्नों, पोल्की और टैसल्स का इस्तेमाल किया गया था। कंधे से लेकर बांह तक दिखाई देने वाली ज्वेलरी डिटेलिंग ने उनके आउटफिट को एक अलग और ड्रामेटिक लुक दिया। वहीं ऑफ-व्हाइट बेस के साथ गोल्डन और ज्वेल टोन की यह डिटेलिंग पूरे पहनावे में ग्लैमरस टच जोड़ रही थी।
भारतीय विरासत और ग्लोबल फैशन का मेल
पेरिस फैशन वीक के दौरान आयोजित होने वाला BoF 500 गाला फैशन इंडस्ट्री के प्रमुख आयोजनों में शामिल है। ऐसे मंच पर जान्हवी का यह लुक भारतीय डिजाइन और आधुनिक ग्लोबल फैशन के बीच संतुलन बनाता नजर आया। अपने इस आउटफिट के जरिए एक्ट्रेस ने भारतीय टेक्सटाइल, पारंपरिक शिल्प और देश की कारीगरी को अंतरराष्ट्रीय फैशन मंच पर सामने रखा। उनका यह लुक पारंपरिक भारतीय सिल्हूट को मॉडर्न स्टाइल के साथ पेश करने का एक उदाहरण भी रहा।
