इमरान हाशमी संग ‘गनमास्टर जी9’ में दिखेंगे अभिषेक सिंह, बेखौफ पुलिस अफसर के रोल में आएंगे नजर
punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 03:03 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। पूर्व IAS अधिकारी अभिषेक सिंह अब मनोरंजन की दुनिया में अपने अभिनय का नया रंग दिखाने के लिए तैयार हैं। ऐतिहासिक ड्रामा ‘1946: डायरेक्ट एक्शन डे’ से एक्टिंग डेब्यू करने के बाद उन्होंने अपनी स्क्रीन प्रेजेंस से दर्शकों का ध्यान खींचा। अब वह निर्देशक आदित्य दत्त की आगामी एक्शन-रोमांस ड्रामा फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ में नजर आएंगे।
बेखौफ पुलिस अफसर के किरदार में दिखेंगे अभिषेक
‘गनमास्टर जी9’ में अभिषेक सिंह एक निडर और बेखौफ पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। अपने किरदार के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि ज्यादातर कलाकार कैमरे के सामने अथॉरिटी का किरदार निभाते हैं, लेकिन उन्हें असल जिंदगी में IAS अधिकारी के तौर पर इस जिम्मेदारी को जीने का अनुभव मिला है। उनके मुताबिक, प्रशासनिक सेवा के दौरान सीखा अनुशासन, दबाव में फैसले लेने की क्षमता और जिम्मेदारी का अनुभव इस किरदार को निभाने में काफी मददगार रहा।
असली अनुभव को किरदार में लाने की कोशिश
अभिषेक सिंह ने कहा, “ज्यादातर एक्टर्स कैमरे के सामने अथॉरिटी का किरदार निभाने आते हैं, लेकिन मुझे असल जिंदगी में पहले इसे जीने का मौका मिला है। आईएएस अफसर के तौर पर जमीन पर काम करने की वजह से मैं जिम्मेदारी संभालने के साथ आने वाले दबाव, अनुशासन और पल भर में फैसले लेने की अहमियत को समझता हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “गनमास्टर जी9 में अपने उस असली अनुभव को किरदार में लाने से उसमें एक रॉ और ऑथेंटिक टच आया। पब्लिक सर्विस में गवर्नेंस ने मुझे अपने फैसलों पर भरोसा करना सिखाया, वहीं सिनेमा में इस किरदार ने मुझे उसी सोच को हाई-ऑक्टेन एक्शन के जरिए दिखाने का मौका दिया। एक बेखौफ पुलिस अफसर का किरदार निभाना सिर्फ वर्दी पहनने तक सीमित नहीं था, बल्कि यह मेरी असली जिंदगी की ड्यूटी और रील लाइफ की इंटेंसिटी को जोड़ने जैसा था।”
इमरान हाशमी और जेनेलिया भी आएंगे नजर
फिल्म में इमरान हाशमी, जेनेलिया डिसूजा और अपारशक्ति खुराना भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। एक्शन, रोमांस और इंटेंस ड्रामा से भरपूर इस फिल्म को लेकर पहले से ही उत्सुकता बनी हुई है। ‘गनमास्टर जी9’ 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अभिषेक सिंह के लिए यह फिल्म एक्टिंग करियर का एक और अहम पड़ाव है, जहां वह अपने अब तक के अनुभव से बिल्कुल अलग अंदाज में दर्शकों के सामने आएंगे।
