सड़क हादसे में गई गुजराती इंफ्लुएंसर की जान, एक दिन पहले ही पोस्ट की थी वीडियो- मौत ही जिंदगी की एक मात्र सच्चाई है
punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2026 - 06:01 PM (IST)
Gujju Love Guru Death : गुजरात के जाने-माने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर चंदन राठौड़, जिन्हे प्रशंसक गुज्जू लव गुरु के नाम से जानते थे का एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया है। 17 सितंबर को भाभर के समीप उनकी बाइक का एक्सीडेंट हो गया था। घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल चन्दन को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस अचानक हुए हादसे से उनके प्रशंसक और सोशल मीडिया समुदाय गहरे सदमे में हैं।
एक्सीडेंट में चली गई जान
चन्दन राठौड़ की सोशल मीडिया पर जबरदस्त लोकप्रियता थी। सिर्फ इंस्टाग्राम पर ही उनके 1.8 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स थे और यूट्यूब पर भी उनके कंटेंट को काफी पसंद किया जाता था। वे अक्सर हास्य से भरे और समाज को सन्देश देने वाले मनोरंजक वीडियो और रील्स बनाया करते थे।
मौत के ऊपर शेयर की थी आखिरी वीडियो
अपनी ही मृत्यु से महज कुछ ही घंटे पहले चन्दन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया था, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे जिंदगी की अनिश्चितता और मौत जैसे गंभीर विषय पर बात करते नजर आ रहे थे।
गुजारती फिल्मों में कर चुके हैं काम
आपको बता दें कि चन्दन राठौड़ ने अपने खास गुजराती अंदाज और मनोरंजक कंटेंट के दम पर लोगों के दिलों में एक खास जगह बनाई थी। वे अपनी स्थानीय बोली में कॉमेडी के माध्यम से समाज को एक सकारात्मक सन्देश देने के लिए पहचाने जाते थे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ-साथ उन्होंने गुजराती सिनेमा और कई कॉमेडी शोज में भी अपना अभिनय दिखाया था।
दुर्घटना से ठीक पहले पोस्ट किए गए अपने अंतिम वीडियो में उन्होंने जिंदगी के अनिश्चित स्वभाव पर चर्चा की थी और मौत को जीवन का अंतिम सत्य बताया था और यह गंभीर बात भी उन्होंने अपने पारंपरिक मजाकिया अंदाज में ही कही थी। उनके चले जाने की खबर मिलते ही यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया, जिस पर उनके लाखों फैंस और फॉलोअर्स भावुक होकर श्रंद्धाजलि दे रहे हैं।
