Ginny Wedss Sunny 2 Review: अविनाश-मेधा की केमिस्ट्री दमदार, लेकिन फिल्म नहीं कर पाई कमाल
punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 05:21 PM (IST)
फिल्म- गिन्नी वेड्स सनी 2 (Ginny Wedss Sunny 2)
स्टारकास्ट- मेधा शंकर (Medha Shankr) , अविनाश तिवारी (Avinash Tiwary)
डायरेक्शन- प्रशांत झा (Prashant Jha)
रेटिंग- 2.5*
गिन्नी वेड्स सनी 2: Ginny Wedss Sunny 2 एक हल्की-फुल्की रोमांटिक ड्रामा है, जिसमें पारिवारिक परिस्थितियों और व्यक्तिगत झगड़ों के बीच प्यार और समझदारी को परखा जाता है। यह फिल्म उन दर्शकों के लिए है जो सरल और परिवार-केंद्रित कहानियों का आनंद लेते हैं। हालांकि, आज के ओटीटी और सिनेमाई मानकों के हिसाब से यह फिल्म थोड़ी पुरानी और आउटडेटेड महसूस होती है।

कहानी
फिल्म की कहानी सनी (Avinash Tiwary) और गिन्नी (Medha Shankr) के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों अलग-अलग पारिवारिक और सामाजिक पृष्ठभूमि से आते हैं और उनकी शादी प्रारंभ में नहीं हो पाती। पहली मुलाकात में दोनों अपनी सच्चाई छिपाकर एक-दूसरे को प्रभावित करने की कोशिश करते हैं। छोटे-छोटे झूठ धीरे-धीरे बड़े गलतफहमियों में बदल जाते हैं और पारिवारिक हस्तक्षेप, अहंकार और भावनात्मक उलझनों के कारण तनाव और बढ़ जाता है। अंत में क्या होता है इसके लिए आपको फिल्म देखने होगी...

एक्टिंग
अविनाश तिवारी और मेधा शंकर का प्रदर्शन फिल्म की सबसे मजबूत कड़ी है। अविनाश अपनी भूमिका में गर्मजोशी और सादगी लाते हैं, जबकि मेधा अपनी प्राकृतिक सुंदरता और सहज अभिनय से ध्यान आकर्षित करती हैं। हालांकि कहानी और स्क्रिप्ट कमजोर हैं, दोनों कलाकार अपनी स्क्रीन प्रेजेंस से कई दृश्यों को जीवंत बना देते हैं। बाकी कलाकार भी औसत स्तर का प्रदर्शन करते हैं, लेकिन कोई भी ऐसा नहीं है जो लंबे समय तक याद रह जाए।

निर्देशन और लेखन
प्रशांत झा ने निर्देशन और लेखन दोनों का जिम्मा संभाला है। उनका तरीका काफी पुराना और पारंपरिक है जो आज के दर्शकों के लिए आकर्षक नहीं लगता। फिल्म का ट्रीटमेंट और संवाद कहीं ज्यादा नयापन नहीं लाते और हंसी या मज़ेदार पल बहुत कम हैं। म्यूजिक ठीक है, लेकिन यह फिल्म को बचाने या एंटरटेन करने के लिए पर्याप्त नहीं है। कुल मिलाकर, Ginny Weds Sunny 2 अपनी कहानी में पारिवारिक और रोमांटिक भावनाओं को दिखाने में सक्षम है, लेकिन आधुनिक दर्शकों के लिए यह फिल्म देखने लायक नहीं लगती।
