आलिया-शाहीन भट्ट की डोंट बी शाय का वर्ल्डवाइड प्रीमियर 25 सितंबर को, प्राइम वीडियो ने किया ऐलान
punjabkesari.in Monday, Aug 24, 2026 - 04:34 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। प्राइम वीडियो ने अपनी अपकमिंग ओरिजिनल फिल्म ‘डोंट बी शाय’ की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। श्रीति मुखर्जी के निर्देशन में बनी यह कमिंग-ऑफ-एज रोमांटिक कॉमेडी 25 सितंबर 2026 को दुनियाभर में स्ट्रीम की जाएगी। फिल्म को आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट ने अपने प्रोडक्शन बैनर इंटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस के तहत प्रोड्यूस किया है।
‘डोंट बी शाय’ की कहानी चार नए कलाकारों आरुषि बजाज, पीयूष खाटी, बियांका अरोड़ा और अंश दुग्गल के किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म दोस्ती, पहला प्यार, दिल टूटने, सपनों और युवा उम्र में खुद को समझने की कोशिश जैसे अनुभवों को एक हल्के-फुल्के लेकिन इमोशनल अंदाज में पेश करती है।
चार नए चेहरों की कहानी
फिल्म में आरुषि बजाज, पीयूष खाटी, बियांका अरोड़ा और अंश दुग्गल मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह चारों कलाकार पहली बार दर्शकों के सामने एक ऐसी कहानी लेकर आ रहे हैं, जो युवाओं की जिंदगी के उस दौर को दिखाती है, जब रिश्ते, दोस्ती और करियर से जुड़े फैसले जिंदगी को नई दिशा देने लगते हैं। फिल्म में कुणाल रॉय कपूर, अनुराग बसु, नेहा धूपिया और अंजू अल्वा नाइक भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
प्राइम वीडियो ने बताया खास प्रोजेक्ट
प्राइम वीडियो और अमेजन MGM स्टूडियोज इंडिया के ओरिजिनल्स के डायरेक्टर और हेड निखिल माधोक ने फिल्म को लेकर कहा कि ‘डोंट बी शाय’ प्लेटफॉर्म के लिए खास फिल्मों में से एक है। उन्होंने नए कलाकारों की तारीफ करते हुए कहा कि चारों ने अपने किरदारों में ताजगी और सहजता लाई है। उनके मुताबिक, श्रीति मुखर्जी के निर्देशन और आलिया-शाहीन भट्ट की क्रिएटिव सोच के साथ तैयार यह फिल्म दोस्ती, प्यार और बड़े होने के सफर को सेलिब्रेट करती है।
आलिया और शाहीन के लिए भी खास है फिल्म
इंटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस की को-फाउंडर्स आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट ने भी फिल्म को लेकर उत्साह जाहिर किया। दोनों के मुताबिक, ‘डोंट बी शाय’ उनके लिए शुरुआत से ही एक खास प्रोजेक्ट रही है। उन्होंने कहा कि फिल्म युवावस्था की उन भावनाओं को दिखाती है, जिनसे कई लोग खुद को जोड़ सकते हैं ऐसी दोस्तियां जो इंसान को बदल देती हैं, पहला प्यार, दिल टूटने का अनुभव और धीरे-धीरे अपनी पहचान को समझने की कोशिश। आलिया और शाहीन ने फिल्म की यंग कास्ट की एनर्जी और आपसी केमिस्ट्री की भी तारीफ की। दोनों को उम्मीद है कि भारत के साथ-साथ दुनियाभर के दर्शक फिल्म के किरदारों और उनकी कहानी से जुड़ पाएंगे।
25 सितंबर को दुनियाभर में होगी स्ट्रीम
‘डोंट बी शाय’ का वर्ल्डवाइड प्रीमियर 25 सितंबर 2026 को होगा। फिल्म भारत समेत दुनिया के 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में सिर्फ प्राइम वीडियो पर उपलब्ध होगी। फिल्म हिंदी भाषा में अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ स्ट्रीम की जाएगी। नए कलाकारों की फ्रेश कास्ट, युवा रिश्तों की कहानी और आलिया-शाहीन भट्ट के प्रोडक्शन से जुड़ाव के कारण ‘डोंट बी शाय’ को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी पहले से बनी हुई है।
