फूहड़ गानों पर हाईकोर्ट का सख्त एक्शन, हनी सिंह-बादशाह का Volume 1 गाना बैन

punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 05:37 PM (IST)

New Delhi : डिजिटल प्लेटफॉर्म पर परोसी जा रही अश्लीलता के खिलाफ एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय ने गुरुवार को कड़ा रुख अपनाया है। अदालत ने केंद्र सरकार, सोशल मीडिया दिग्गजों और म्यूजिक स्ट्रीमिंग सेवाओं को निर्देश दिया है कि रैपर यो यो हनी सिंह और बादशाह के विवादित गीत वॉल्यूम 1 को सभी प्लेटफॉर्म से पूरी तरह ब्लॉक किया जाए।

अंश मात्र भी मौजूदगी बर्दाश्त नहीं – न्यायमूर्ति कौरव
न्यायमूर्ति पुरुषेंद्र कुमार कौरव ने इस मामले की सुनवाई करते हुए स्पष्ट किया कि इस गीत का किसी भी प्रकार का प्रसार स्वीकार्य नहीं है। अदालत ने आदेश दिया कि केवल पूरा गाना ही नहीं, बल्कि इसके छोटे-छोटे हिस्से, स्निपेट्स और इसके बोल भी इंटरनेट पर कहीं उपलब्ध नहीं होने चाहिए।

 कोर्ट ने कहा, "यह गीत जिस भी रूप में सोशल मीडिया पर मौजूद है, उसे हटाना ही होगा। हम इसकी थोड़ी सी भी उपस्थिति बर्दाश्त नहीं कर सकते।

आगामी एल्बम पर रोक: इस विवाद के बीच, अदालत ने बादशाह के एक आगामी एल्बम की रिलीज पर भी रोक लगा दी है।

टटीरी गीत पर भी मचा बवाल- लोकगीत के अपमान का आरोप
हाल ही में रिलीज हुआ बादशाह का गाना 'टटीरी' भी कानूनी विवादों में घिर गया है। यह गाना मूल रूप से हरियाणा का एक प्रसिद्ध लोकगीत है, लेकिन बादशाह पर इसे "मरोड़कर" पेश करने और इसमें फूहड़ता का तड़का लगाने के आरोप लगे हैं।

विवाद की मुख्य वजहें:
स्कूल ड्रेस का विवाद: वीडियो में लड़कियों को स्कूल की वर्दी में आपत्तिजनक तरीके से डांस करते दिखाया गया था, जिसे समाज के बड़े वर्ग ने अशोभनीय करार दिया।

महिला आयोग की कार्रवाई: राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस गाने के बोल और इसके फिल्मांकन पर कड़ा संज्ञान लेते हुए इसकी कड़ी आलोचना की थी।

जनता के भारी विरोध और विवाद के बाद टटीरी गाने को पहले ही यूट्यूब से हटा दिया गया था लेकिन अब हाई कोर्ट की फटकार ने कलाकारों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है।

संगीत जगत के लिए कड़ा संदेश
दिल्ली हाई कोर्ट के इस कड़े रुख को 'शॉक-वैल्यू' और अश्लीलता के सहारे लोकप्रियता बटोरने वाले कलाकारों के लिए एक बड़ी चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला भविष्य में डिजिटल कंटेंट की निगरानी के लिए एक मिसाल बनेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News