10 साल बाद लौट रहा है बिग बॉस बांग्ला, सौरव गांगुली संभालेंगे होस्ट की कमान

punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 05:18 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। रियलिटी शो की दुनिया के सबसे बड़े नामों में शुमार बिग बॉस अब एक बार फिर बंगाली दर्शकों के बीच लौटने जा रहा है। पूरे 10 साल के लंबे इंतजार के बाद बिग बॉस बांग्ला सीजन 3 की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। इस ऐलान के साथ ही शो को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

सौरव गांगुली बनेंगे शो के नए होस्ट
इस सीजन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि शो को बंगाल के सबसे लोकप्रिय चेहरों में से एक और पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान Sourav Ganguly होस्ट करते नजर आएंगे। निर्माताओं द्वारा जारी किए गए खास वीडियो में सौरव गांगुली की झलक दिखाई गई, जिसने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है। घोषणा करते हुए मेकर्स ने लिखा, 'भारत के सबसे बड़े मनोरंजन का मंच अब बंगाल में आ रहा है। मनोरंजन का बॉस – बिग बॉस बांग्ला जल्द आ रहा है।”

एंडेमोल शाइन इंडिया की बड़ी घोषणा
बिग बॉस बांग्ला सीजन 3 को एंडेमोल शाइन इंडिया लेकर आ रहा है, जो Banijay Entertainment का हिस्सा है। कंपनी लंबे समय से भारतीय दर्शकों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल फॉर्मेट्स को स्थानीय रूप में पेश करती रही है और कई सुपरहिट शोज़ बना चुकी है।

कई सफल शोज़ दे चुकी है कंपनी
एंडेमोल शाइन इंडिया और बनिजय एशिया ने पिछले कुछ वर्षों में कई चर्चित वेब सीरीज़ और शोज़ दर्शकों को दिए हैं। इनमें The Night Manager, The Trial, Hostages और Call My Agent: Bollywood जैसी सीरीज़ शामिल हैं। वहीं नॉन-स्क्रिप्टेड कंटेंट में The Kapil Sharma Show, MTV Roadies, Into The Wild with Bear Grylls और Temptation Island India जैसे लोकप्रिय शो भी कंपनी के पोर्टफोलियो का हिस्सा हैं।

7 भाषाओं में 69 से ज्यादा सीजन
बिग बॉस भारत के सबसे सफल रियलिटी फ्रेंचाइज़ी ब्रांड्स में गिना जाता है। यह शो देशभर में 7 अलग-अलग भाषाओं में 69 से अधिक सीजन पूरे कर चुका है। हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, मराठी और अन्य भाषाओं में इसकी लोकप्रियता पहले ही साबित हो चुकी है। अब बंगाली दर्शकों को भी एक बार फिर यह मनोरंजन का बड़ा मंच मिलने जा रहा है।

दर्शकों में बढ़ी उत्सुकता
बिग बॉस बांग्ला की वापसी और सौरव गांगुली की होस्टिंग को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। शो के प्रतियोगियों, प्रीमियर डेट और अन्य जानकारियों का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि बिग बॉस बांग्ला सीजन 3 इस साल बंगाली टेलीविजन का सबसे बड़ा रियलिटी शो बन सकता है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Reetu sharma

Related News