16 साल पहले Rakhi Sawant की वजह से एक व्यक्ति ने कर ली थी आत्महत्या, अब फिर खुला Case, कोर्ट ने जारी किया गैर-जमानती वारंट

punjabkesari.in Sunday, Oct 18, 2026 - 02:31 PM (IST)

Rakhi Sawant Case : बॉलीवुड एक्ट्रेस राखी सावंत एक बार फिर क़ानूनी मामले को लेकर चर्चा में हैं। उत्तर प्रदेश की एक अदालत ने 2010 में एक आत्महत्या से जुड़े मामले में उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। सरकारी वकील ने शनिवार, 17 अक्टूबर को इसकी जानकारी दी। करीब 16 साल मामले के दोबारा सुर्खियों में आने से राखी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अपने बेबाक बयानों और विवादों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाली राखी अब इस क़ानूनी मामले के कारण खबरों में हैं। 

 Rakhi Sawant Case

राखी के खिलाफ जारी हुआ गैर-जमानती वारंट
एक सरकारी वकील ने शनिवार को बताया कि यहां की एक अदालत ने 2010 के आत्महत्या मामले में अभिनेत्री राखी सावंत के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। यह मामला उनके टीवी शो के दौरान एक स्थानीय निवासी के खिलाफ की गई कथित अपमानजनक टिप्पणियों से जुड़ा है। जिला सरकारी वकील (अपराध) मृदुल कांत श्रीवास्तव ने बताया कि सिविल जज अंजलि ने शुक्रवार को यह वारंट जारी किया, क्योंकि सावंत बार-बार अदालत में पेश होने में विफल रहीं।

 Rakhi Sawant Case

क्या है पूरा मामला ?
वकील ने बताया कि यह मामला झांसी के हंसारी प्रेम नगर इलाके के रहने वाले लक्ष्मण अहिरवार से जुड़ा है। आरोप है कि सावंत के टीवी शो 'राखी का इंसाफ' में की गई टिप्पणियों से अपमानित होने के बाद, 10 नवंबर 2010 को उन्होंने आत्महत्या कर ली थी। अहिरवार की मां सावित्री ने प्रेम नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अक्टूबर 2010 में प्रसारित शो के एक एपिसोड के दौरान, सावंत ने उनके बेटे के खिलाफ अपमानजनक और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। अभियोजन पक्ष के अनुसार, वैवाहिक कलह के चलते अहिरवार और उनकी पत्नी अनीता (जो राजगढ़ की रहने वाली थीं) को शो में बुलाया गया था। पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद अनीता अपने मायके लौट गई थीं। श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले की अगली सुनवाई 1 दिसंबर को तय की गई है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News