स्पाइडर-मैन से टक्कर लेने को तैयार ''भाई तेरा स्टार है'', विवेक बी अग्रवाल बोले- ''रिलीज़ डेट बदलना...''

punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 10:47 AM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। 30 जुलाई को हॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'Spider-Man: Brand New Day' के साथ बॉक्स ऑफिस पर टक्कर होने के बावजूद 'भाई तेरा स्टार है' भारत में करीब 900–1,000 स्क्रीन पर बड़े स्तर पर रिलीज़ होगी। फिल्म के निर्माता-निर्देशक विवेक बी अग्रवाल का कहना है कि रिलीज़ डेट बदलना व्यावहारिक विकल्प नहीं था, क्योंकि फरवरी 2027 के अंत तक कोई उपयुक्त वीकेंड उपलब्ध नहीं था। उनके अनुसार, आने वाले महीनों का रिलीज़ कैलेंडर बड़ी बॉलीवुड और पैन-इंडिया फिल्मों से पूरी तरह भरा हुआ है।

'यही सबसे व्यवहारिक रिलीज़ विंडो थी'
विवेक बी अग्रवाल ने बताया कि 'धमाल 4' के बाद अगस्त के मध्य तक कोई बड़ी हिंदी फिल्म रिलीज़ नहीं हो रही है। ऐसे में हॉलीवुड की बड़ी फिल्म के साथ रिलीज़ होने का फैसला ही सबसे बेहतर विकल्प था। उन्होंने कहा, "या तो किसी बड़ी हिंदी फिल्म से क्लैश होता या फिर स्पाइडर-मैन के साथ रिलीज़ करते। इसलिए यही एकमात्र व्यवहारिक विकल्प था। लगभग एक महीने तक कोई बड़ी हिंदी फिल्म नहीं आ रही है, ऐसे में जो दर्शक अंग्रेज़ी फिल्म की बजाय हिंदी फिल्म देखना चाहेंगे, उनके पास हमारी फिल्म का विकल्प रहेगा।"

1,000 स्क्रीन का लक्ष्य, प्रमोशन पर पूरा फोकस
PVR Inox Pictures द्वारा वितरित 'भाई तेरा स्टार है' देशभर में लगभग 1,000 स्क्रीन पर रिलीज़ करने का लक्ष्य रखा गया है। अग्रवाल ने कहा कि फिल्म के ट्रेलर और गानों को दर्शकों से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया ने पूरी टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्य अभिनेता राघव जुयाल सहित पूरी टीम इस बात के लिए प्रतिबद्ध थी कि फिल्म सिनेमाघरों तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से देशभर में सिटी टूर, फैन एंगेजमेंट और व्यापक प्रमोशनल कैंपेन चलाए गए।

'दर्शक हल्की-फुल्की मनोरंजक फिल्मों के लिए तैयार हैं'
मौजूदा थिएट्रिकल माहौल पर अपनी राय रखते हुए विवेक बी अग्रवाल ने कहा कि दर्शक इस समय हल्की-फुल्की और मनोरंजक फिल्मों का आनंद लेना चाहते हैं। उनका मानना है कि ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर गंभीर और गहरे विषयों वाली कहानियों की भरमार के बीच दर्शक सिनेमाघरों में एक फ्रेश और एंटरटेनिंग अनुभव की तलाश में हैं। ऐसे में उन्हें भरोसा है कि 'भाई तेरा स्टार है' दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतरेगी और बॉक्स ऑफिस पर अपनी अलग पहचान बनाएगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Manisha

Related News