11 साल बाद टीवी से विदाई लेगा Bhabiji Ghar Par Hain, OTT पर आएगा नया सीजन
punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 04:50 PM (IST)
Bhabi Ji Ghar Par Hain : पिछले 11 सालों से दर्शकों को हंसी से लोटपोट करने वाला लोकप्रिय कॉमेडी शो भाबी जी घर पर हैं अब एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है। विभूति जी की नल्लापंथी और अंगूरी भाभी का मशहूर डायलॉग ‘सही पकड़े हैं’ घर-घर की पहचान बन चुका है लेकिन अब इस शो को लेकर आई एक खबर ने फैंस को चौंका दिया है। टीवी पर इस शो के बंद होने की चर्चाएं तेज हैं, पर इसके पीछे एक दिलचस्प ट्विस्ट छिपा है।
टीवी को अलविदा, डिजिटल दुनिया में एंट्री
लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच अब यह साफ हो गया है कि ‘भाबी जी घर पर हैं’ टीवी पर ऑफ-एयर होने जा रहा है। हालांकि, फैंस को मायूस होने की जरूरत नहीं है क्योंकि शो पूरी तरह बंद नहीं होगा। समय के साथ बदलते दर्शकों के मिजाज को देखते हुए मेकर्स ने इसे टीवी से हटाकर सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर शिफ्ट करने का फैसला किया है। अब दर्शक इस शो का आनंद अपने मोबाइल और स्मार्ट टीवी पर कभी भी उठा सकेंगे।
शिल्पा शिंदे ने किया बड़ा खुलासा
शो की जान रहीं ओरिजिनल अंगूरी भाभी, यानी शिल्पा शिंदे ने हाल ही में एक इंटरव्यू में इस खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शो अब डेली सोप की तरह रोज प्रसारित नहीं होगा, बल्कि इसे सीजन फॉर्मेट में रिलीज किया जाएगा। शिल्पा ने एक हैरान करने वाली बात यह भी कही कि वह दिसंबर 2025 में ही शो में वापसी कर चुकी हैं लेकिन बहुत से दर्शकों को अब तक इस बात की खबर ही नहीं है।
क्या होगा बदलाव और क्यों है यह खास?
शो को ओटीटी पर ले जाने का सबसे बड़ा कारण इसकी पुरानी लोकप्रियता और ओरिजिनल फ्लेवर को वापस लाना है। शुरुआती दौर में यह शो दो पड़ोसी कपल्स के बीच की खट्टी-मीठी नोकझोंक और ‘ताका-झांकी’ के लिए मशहूर था। मेकर्स अब उसी पुराने अंदाज को फिर से जीवित करने की तैयारी में हैं।
ओटीटी पर आने से सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि शो की कहानी में नयापन और ताजगी बनी रहेगी। दर्शकों को अब टीवी के तय समय का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। शिल्पा शिंदे का मानना है कि इस डिजिटल बदलाव से नई पीढ़ी के युवा दर्शक भी शो के साथ गहराई से जुड़ पाएंगे। शिल्पा खुद भी इस नई पारी और डिजिटल सफर को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
