नए निर्देशकों के साथ काम करने पर बोले आयुष्मान खुराना- ‘मेरे लिए स्क्रिप्ट हमेशा सबसे...’

punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 03:13 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। आयुष्मान खुराना पिछले एक दशक से ज्यादा समय से ऐसी फिल्मों का हिस्सा रहे हैं, जो अलग और चुनौतीपूर्ण विषयों को पर्दे पर लेकर आती हैं। अभिनेता ने कई नए और डेब्यू करने वाले निर्देशकों के साथ काम किया है। अब उनकी अपकमिंग फिल्म ‘उड़ता तीर’ के साथ नए निर्देशकों के साथ उनकी सात फिल्मों की खास एसोसिएशन पूरी होने जा रही है।

नए निर्देशकों पर लगातार जताया भरोसा
आयुष्मान की नए फिल्ममेकर्स के साथ यह जर्नी ‘दम लगा के हईशा’ से शुरू हुई थी। इस फिल्म का निर्देशन शरत कटारिया ने किया था। इसके बाद उन्होंने ‘शुभ मंगल सावधान’ में आर. एस. प्रसन्ना, ‘ड्रीम गर्ल’ में राज शांडिल्या, ‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’ में हितेश केवल्या, ‘डॉक्टर जी’ में अनुभूति कश्यप और ‘एन एक्शन हीरो’ में अनिरुद्ध अय्यर के साथ काम किया। अब इस लिस्ट में ‘उड़ता तीर’ के डायरेक्टर आकाश ए. कौशिक का नाम शामिल हो गया है। इन फिल्मों का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन भले ही अलग-अलग रहा हो, लेकिन आयुष्मान ने लगातार नए नजरिए और अलग तरह की कहानियों वाले फिल्ममेकर्स पर भरोसा दिखाया है। डेब्यू निर्देशकों के साथ उनकी प्रमुख व्यावसायिक सफलताओं में ‘दम लगा के हईशा’ और ‘ड्रीम गर्ल’ शामिल हैं।

‘मेरे लिए स्क्रिप्ट हमेशा सबसे पहले आती है’
नए निर्देशकों के साथ काम करने के अपने फैसले पर आयुष्मान ने कहा, “मेरे लिए स्क्रिप्ट हमेशा सबसे पहले आती है। मैं यह नहीं देखता कि कोई फिल्ममेकर अपनी पहली फिल्म डायरेक्ट कर रहा है या दसवीं फिल्म… मैं यह देखता हूं कि क्या उसके पास ऐसी कहानी और विजन है, जो मुझे उत्साहित कर सके।' अभिनेता ने कहा कि उनके करियर के कुछ सबसे यादगार अनुभव नए लोगों के साथ काम करने से आए हैं। उनके मुताबिक नए फिल्ममेकर्स अपने साथ एक अलग भूख, ताजगी और जानी-पहचानी चीज को अलग नजरिए से देखने का साहस लेकर आते हैं।

‘उड़ता तीर’ में निभा रहे पाकिस्तानी जासूस का किरदार
आयुष्मान की अगली फिल्म ‘उड़ता तीर’ इसी सोच को स्पाई कॉमेडी के अलग अंदाज में आगे बढ़ाती है। फिल्म में वह बिलाल अहमद का किरदार निभा रहे हैं, जो एक पाकिस्तानी जासूस है। याददाश्त खोने के बाद वह खुद को भारतीय समझने लगता है। ट्रेलर लॉन्च के दौरान आयुष्मान ने फिल्म को ‘पैट्रियॉटिक कॉमेडी’ बताया था। उन्होंने यह भी कहा था कि वह स्क्रिप्ट की मांग के हिसाब से काम करते हैं और खुद को “डायरेक्टर का बेबी” मानते हैं।

आकाश ए. कौशिक का डायरेक्टोरियल डेब्यू
‘उड़ता तीर’ आकाश ए. कौशिक की फीचर डायरेक्टर के तौर पर पहली फिल्म है। फिल्म देशभक्ति और कॉमेडी के साथ स्पाई जॉनर को पेश करती है। फिल्म में काम करने को लेकर आयुष्मान ने कहा कि उन्हें सिर्फ इसका जॉनर ही आकर्षित नहीं कर रहा था, बल्कि आकाश द्वारा बनाई गई पूरी दुनिया भी उन्हें पसंद आई। आयुष्मान ने कहा कि ऐसी स्क्रिप्ट मिलना दुर्लभ है, जो एक साथ अराजक, मजेदार, भावनात्मक और किसी बड़े विचार से जुड़ी हो। वह इस विजन के सामने खुद को पूरी तरह समर्पित करना चाहते थे और किरदार को उन्हें किसी अनपेक्षित जगह तक ले जाने देना चाहते थे।

‘दम लगा के हईशा’ से शुरू हुआ आयुष्मान का नए निर्देशकों के साथ काम करने का सिलसिला अब ‘उड़ता तीर’ तक पहुंच गया है। फिल्म 9 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Reetu sharma

Related News