जो मेरे साथ हुआ, उनके साथ नहीं करूंगी ... अपनी बहुओं को बेटियां मानती हैं Archana Puran Singh, अच्छी सास बनने का दिया मंत्र
punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 12:35 PM (IST)
मुंबई (एजेंसी) : एक्ट्रेस अर्चना पूरन सिंह ने अपनी होने वाली बहुओं योगिता बिहानी और समीक्षा शेट्टी के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए कहा कि वह उन्हें अपनी बेटियों की तरह मानती हैं।
उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि उनके प्रति दयालुता दिखाना कोई असाधारण बात नहीं है, बल्कि यह बस इंसानियत की बात है। अपने बेटों की जीवन संगिनियों को अपनाने के बारे में बात करते हुए अर्चना ने कहा, "यह मुश्किल नहीं है। बस आपको इंसान बने रहना है। आप अपने बच्चों से प्यार करते हैं। आपके बच्चों ने किसी को अपना जीवन साथी चुना है। आप अपने आप ही उनसे प्यार करने लगेंगे।
एक्ट्रेस ने एक बहू के तौर पर अपने अनुभवों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सोच-समझकर उन बुरे अनुभवों को न दोहराने का फैसला किया, जिनका सामना उन्हें खुद करना पड़ा था।
उन्होंने कहा, "एक कहावत है कि अगर आपके साथ कुछ हुआ है, तो आप भी वही करेंगे। लेकिन इसका उल्टा भी होता है, कि जो आपके साथ हुआ, आप वह कभी नहीं करेंगे। मैं दूसरी श्रेणी में आती हूं। अगर एक बहू के तौर पर मेरे साथ कुछ बुरा हुआ, तो मैं उसे कभी नहीं दोहराना चाहूंगी।
अर्चना ने कहा कि जब से उनके बेटों को उनकी पार्टनर मिली हैं, तब से वह उन्हें परिवार का हिस्सा मानती हैं। उन्होंने कहा, "पहले मेरे दो बेटे थे। अब मेरी दो बेटियां भी हैं। अगर आप इस नजरिए से देखें, तो कोई फर्क नहीं है। एक्ट्रेस ने इस बात को भी खारिज कर दिया कि उनके इस रवैये के लिए किसी खास तारीफ की जरूरत है।
उन्होंने कहा, "मैं कोई तारीफ नहीं चाहती और न ही महान कहलवाना चाहती हूं। आप स्क्रीन पर या स्क्रीन के बाहर जो भी देखते हैं, असल में मैं वैसी ही हूं। मैं अपनी होने वाली बहुओं के साथ ऐसे ही पेश आती हूं। इसमें कोई महानता नहीं है। अगर आप एक अच्छे इंसान हैं, अगर आप जमीर वाले सच्चे इंसान हैं, तो आप ऐसा ही व्यवहार करेंगे इसलिए मुझे नहीं लगता कि इसके लिए मुझे किसी खास जिक्र की जरूरत है।
अर्चना ने आगे कहा कि टेलीविजन ड्रामा की वजह से समाज अक्सर सास के बारे में गलत धारणाएं बना लेता है। लोग कहते हैं कि अर्चना का व्यवहार बहुत अच्छा है, लेकिन मुझे लगता है कि लाखों सासें अपनी बहुओं के साथ बहुत अच्छा व्यवहार करती हैं। टीवी सीरियल्स में जो सासें दिखाई जाती हैं, वही लाइमलाइट में आती हैं - यानी बुरी सास। यह एक स्टीरियोटाइपिकल (बनी-बनाई) छवि है। आजकल ऐसी सासें बहुत कम हैं और मुझे उम्मीद है कि जब मैं सास बनूंगी, तब तक यह स्टीरियोटाइप खत्म हो जाएगा।
अर्चना पूरन सिंह के हैं 2 बेटे
अर्चना पूरन सिंह की शादी 1992 में एक्टर परमीत सेठी से हुई थी। इस कपल के दो बेटे हैं - आर्यमान और आयुष्मान सेठी। अर्चना के बड़े बेटे, आर्यमान सेठी, एक्ट्रेस योगिता बिहानी के साथ रिलेशनशिप में हैं, जबकि उनके छोटे बेटे, आयुष्मान सेठी, फिटनेस और योग इन्फ्लुएंसर समीक्षा शेट्टी को डेट कर रहे हैं। अर्चना अक्सर अपने व्लॉग्स और सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए अपनी फैमिली लाइफ की झलकियां शेयर करती रही हैं। काम की बात करें तो, अर्चना पूरन सिंह OTT प्रोजेक्ट 'आदर्श बाल विद्यालय' में नजर आएंगी। एक्ट्रेस ने इसे लेकर काफी एक्साइटमेंट जाहिर की और कहा कि यह उनके करियर का एक अनोखा रोल है। यह शो 24 जुलाई को रिलीज होगा।
