बोल्ड डेटिंग ट्विस्ट के साथ आया ‘अंधा प्यार 2.0’ का ट्रेलर, 14 मार्च से स्ट्रीम होगा शो

punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 04:24 PM (IST)

नई दिल्ली। 06 मार्च को ZEE5 के हिंदी प्लेटफॉर्म ने अपनी नॉन-फिक्शन रियलिटी डेटिंग सीरीज Andha Pyar 2.0 का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज कर दिया है। ट्रेलर में एक ऐसे सामाजिक प्रयोग की झलक दिखाई गई है, जो आधुनिक डेटिंग के नियमों को पूरी तरह से बदलने की कोशिश करता है। यह शो मज़ेदार बातचीत, बेबाक कमेंट्री और कई अप्रत्याशित मोड़ों के साथ दर्शकों को एंटरटेन करने वाला है। खास तौर पर इसे Gen Z दर्शकों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है।

शुरू होगा असली एक्सपेरिमेंट
Vivek Samtani और Kaustubh Agrawal द्वारा तैयार किया गया यह फॉर्मेट एक अलग तरह का डेटिंग एक्सपेरिमेंट पेश करता है। शो में सिंगल्स को एक ऐसी स्थिति में रखा जाता है, जहां वे एक-दूसरे को देखे बिना ही बातचीत और कनेक्शन के जरिए रिश्ता बनाने की कोशिश करते हैं। इसका मकसद शारीरिक रूप-रंग से आगे बढ़कर भावनात्मक कनेक्शन और असली बातचीत को प्राथमिकता देना है। शो में एक कमेंटेटर पैनल भी होगा, जो रियल टाइम में इन रिश्तों को देखेगा और अपनी मज़ेदार तथा बेबाक प्रतिक्रियाएं देगा।

ZEE5 के लिए नया एक्सपेरिमेंट
हिंदी ZEE5 की बिजनेस हेड Kaveri Das ने इस शो के बारे में बात करते हुए कहा कि प्लेटफॉर्म लगातार दर्शकों की पसंद को समझते हुए अपने कंटेंट का विस्तार कर रहा है। उन्होंने बताया कि पहले भी रियलिटी और सिमुलकास्ट फॉर्मेट वाले शोज़ को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। ऐसे में अंधा प्यार 2.0 के जरिए प्लेटफॉर्म नॉन-फिक्शन रियलिटी जॉनर में और मजबूती से कदम रख रहा है। यह शो आधुनिक डेटिंग की जटिलताओं को दिखाते हुए भावनात्मक कनेक्शन को केंद्र में रखता है।

‘यह बिना फिल्टर वाली डेटिंग है’
शो के क्रिएटर विवेक समतानी के मुताबिक, अंधा प्यार 2.0 पूरी तरह से बिना फिल्टर वाली डेटिंग है। इसमें भावनाएं, मज़ाक, असहज पल और सच्चाई सब कुछ देखने को मिलेगा। वहीं कौस्तुभ अग्रवाल का कहना है कि यह शो आधुनिक रिश्तों का आईना है। इसमें असली लोग अपनी असुरक्षाओं, आकर्षण, ईर्ष्या और रिश्तों के उलझे हुए पहलुओं से गुजरते नजर आएंगे। पैनल की प्रतिक्रियाएं इस शो को और भी मज़ेदार बनाती हैं क्योंकि वे बिल्कुल वैसे ही रिएक्ट करते हैं जैसे घर बैठे दर्शक सोचते हैं।

ड्रामा, ह्यूमर और असहज सच्चाई का मिश्रण
डेटिंग, कमेंट्री और सामाजिक अवलोकन को मिलाकर अंधा प्यार 2.0 ह्यूमर, ड्रामा और कई बार असहज लेकिन सच्चे पलों से भरा अनुभव देने वाला है। हाल ही में रिलीज हुआ ट्रेलर इस बात का संकेत देता है कि यह शो 2026 की शुरुआत में ZEE5 के सबसे चर्चित ओरिजिनल्स में से एक बन सकता है। दर्शक इस दिलचस्प रियलिटी डेटिंग शो को 14 मार्च से ZEE5 पर देख सकेंगे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Reetu sharma

Related News