पद्मश्री के बाद भी नहीं रुके आनंद कुमार, सुपर 30 के आगे अब सुपर इन्फिनिटी से बदलेंगे शिक्षा की तस्वीर

punjabkesari.in Friday, Nov 20, 2026 - 06:05 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। सुपर 30 के जरिए देशभर में अपनी पहचान बनाने वाले मशहूर गणितज्ञ और शिक्षक आनंद कुमार अब शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने अपनी नई पहल 'सुपर इन्फिनिटी' शुरू करने के पीछे की कहानी साझा की है। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुफ्त में पहुंचाना है। आनंद कुमार का मानना है कि पैसों की कमी किसी भी बच्चे की पढ़ाई और उसके सपनों के रास्ते में रुकावट नहीं बननी चाहिए।

फिल्म की सफलता और पद्मश्री के बाद बनाया नया लक्ष्य
आनंद कुमार को सुपर 30 के माध्यम से हजारों बच्चों को बेहतर भविष्य की राह दिखाने के लिए जाना जाता है। उन पर बनी फिल्म को मिली सफलता के बाद उनकी लोकप्रियता और पहचान देशभर में बढ़ी। इसके अलावा उन्हें पद्मश्री सम्मान से भी नवाजा गया। हालांकि, इस पहचान और शोहरत के बीच आनंद कुमार ने अपनी प्राथमिकता नहीं बदली। उन्होंने मीडिया की चकाचौंध से दूर रहकर शिक्षा के क्षेत्र में कुछ नया करने का फैसला किया।

हाल ही में एक बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि सुपर 30 के बाद उनके सामने कई तरह के अवसर आए, लेकिन उन्होंने व्यावसायिक फायदे के बजाय अपने उद्देश्य को प्राथमिकता दी। इसी सोच के साथ उन्होंने सुपर इन्फिनिटी को तैयार करने पर काम शुरू किया, ताकि देश के हर बच्चे तक गणित और बेहतर शिक्षा की पहुंच बनाई जा सके।

पांच साल तक मीडिया से बनाई दूरी
आनंद कुमार ने अपने इस सफर के बारे में बात करते हुए बताया कि वह करीब पांच साल तक मीडिया और सार्वजनिक गतिविधियों से दूर रहे। इस दौरान उनका पूरा ध्यान एक ऐसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को तैयार करने पर था, जहां बच्चों को बिना किसी शुल्क के पढ़ाया जा सके।

उन्होंने कहा, "मैंने मीडिया और बाकी सभी चीजों से पांच साल तक दूरी बना ली थी। इस दौरान मैं एक कमरे में रहकर पूरी लगन से एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म (सुपर इन्फिनिटी) तैयार करने में जुटा रहा। यह प्लेटफॉर्म पूरी तरह मुफ्त है। इसमें न कोई छिपा हुआ चार्ज है और न ही कोर्स बेचने का कोई तरीका। इसे शुरू करने का मकसद सिर्फ इतना है कि हर बच्चा हमसे सीख सके, मैथ्स से जुड़ा डर दूर कर सके और चीजों के 'कैसे' और 'क्यों' के बारे में सोचना शुरू करे।"

उन्होंने अपने इस समय को याद करते हुए आगे कहा कि यह उनके लिए आराम या रिटायरमेंट का दौर नहीं था, बल्कि लगातार मेहनत और संघर्ष का समय था। वह इस दौरान एक ऐसा माध्यम तैयार करने में जुटे थे, जिसके जरिए ज्यादा से ज्यादा बच्चों तक शिक्षा पहुंचाई जा सके।

सिर्फ गणित नहीं, नई पीढ़ी तैयार करना है मकसद
सुपर इन्फिनिटी के जरिए आनंद कुमार अपनी शिक्षा से जुड़ी सोच को देश के अलग-अलग हिस्सों तक ले जाना चाहते हैं। उनकी कोशिश है कि उन बच्चों को भी पढ़ाई के बेहतर अवसर मिलें, जिन्हें आर्थिक या दूसरी परेशानियों के कारण अच्छी शिक्षा नहीं मिल पाती। इस पहल के माध्यम से वह गणित को आसान बनाकर बच्चों के मन से उसका डर खत्म करना चाहते हैं।

हालांकि, उनका सपना केवल गणित की पढ़ाई तक सीमित नहीं है। आनंद कुमार चाहते हैं कि देश में ऐसे युवाओं की नई पीढ़ी तैयार हो, जो आगे चलकर वैज्ञानिक और गणितज्ञ बनें और भारत के विकास में अहम भूमिका निभाएं।

जिंदगी में आगे बढ़ते रहने का दिया संदेश
आनंद कुमार ने बातचीत के दौरान जीवन में लगातार सीखते रहने और नए लक्ष्य तय करने की अहमियत पर भी जोर दिया। उनका मानना है कि किसी मुकाम तक पहुंचने के बाद इंसान को अपनी यात्रा खत्म नहीं समझनी चाहिए, बल्कि नए काम और चुनौतियों के लिए खुद को तैयार रखना चाहिए।

उन्होंने कहा, "जब कोई इंसान जिंदगी में कोई मुकाम हासिल कर लेता है, तो उसे कभी यह नहीं सोचना चाहिए कि अब उसका समय खत्म हो गया है या उसका सफर पूरा हो चुका है।"
आनंद कुमार की सुपर इन्फिनिटी पहल इसी सोच को आगे बढ़ाती है, जिसमें शिक्षा को सीमित दायरे से बाहर निकालकर हर जरूरतमंद बच्चे तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansi

Related News