आलिया भट्ट-शर्वरी स्टारर ''अल्फा'' का टीज़र 10 जून को रिलीज, शुरू होगा ''अल्फा एटीट्यूड'' कैंपेन

punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 02:06 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। यश राज फिल्म्स 10 जून को आलिया भट्ट और शर्वरी अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अल्फा’ की पहली झलक टीज़र के रूप में जारी करने जा रहा है। यह टीज़र एक ऐसी लड़की की ओरिजिन स्टोरी पर केंद्रित होगा, जिसे एक खतरनाक किलिंग मशीन बनने के लिए तैयार किया जाता है। वायआरएफ स्पाई यूनिवर्स की यह पहली ऐसी ओरिजिन स्टोरी है, जिसमें मुख्य किरदार एक असैसिन है।

एक वरिष्ठ ट्रेड सूत्र ने बताया,“अल्फा का टीज़र निश्चित रूप से 10 जून को रिलीज होगा। इसके बाद फिल्म के लिए एक आक्रामक मार्केटिंग और प्रमोशनल अभियान शुरू किया जाएगा, जिसमें कहानी को प्रचार का केंद्र बनाया जाएगा। यह अभियान आज के भारत के ‘अल्फा एटीट्यूड’ को सेलिब्रेट करेगा। आदित्य चोपड़ा और उनकी टीम ने एक बेहद सोच-समझकर बनाई गई रणनीति तैयार की है, जो फिल्म की रिलीज तक कई चरणों में सामने आएगी।”

सूत्र ने आगे कहा,“अल्फा का पूरा अभियान इस विचार पर आधारित है कि ‘अल्फा’ सिर्फ एक किरदार या फिल्म का नाम नहीं, बल्कि एक सोच और रवैया है। कई प्रभावशाली सार्वजनिक प्रस्तुतियों, डिजिटल अभियानों, युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों और देशभर में होने वाली चर्चाओं के जरिए आलिया और शर्वरी उस सोच का जश्न मनाएंगी, जो आधुनिक भारत और उसकी युवा पीढ़ी को परिभाषित करती है एक ऐसी पीढ़ी जो खुद को लेकर बिल्कुल बेझिझक है।”

सूत्र ने यह भी बताया,“अल्फा का अभियान इस तरह से तैयार किया गया है कि लड़कियों को ‘अल्फा’ होने के विचार का पर्याय बनाया जा सके। आज की लड़कियां अपनी किस्मत खुद लिख रही हैं और सामाजिक दबावों या अपेक्षाओं के दायरे में बंधने से इनकार कर रही हैं। इसलिए दर्शकों को एक मजेदार, कूल, बेबाक और एटीट्यूड से भरपूर अभियान देखने को मिलेगा।”

‘द रेलवे मेन’ फेम शिव रवैल द्वारा निर्देशित ‘अल्फा’ यश राज फिल्म्स की एक भव्य थिएटर रिलीज फिल्म है, जिसमें बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Manisha

Related News