स्कूलों में शुरू होगी स्मार्ट क्लास

punjabkesari.in Wednesday, Mar 13, 2019 - 12:37 PM (IST)

पूर्वी दिल्ली: पूर्वी दिल्ली नगर निगम शिक्षा समिति की बैठक का आयोजन पूर्वी निगम मुख्यालय में किया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति चेयरमैन राजकुमार बल्लन ने की। बैठक में मनोनीत सदस्य विनोद बछेती ने कहा कि पूर्वी निगम के स्कूलों में स्मार्ट क्लास शुरू हो रही हैं। इसके अलावा निगम के शिक्षक किसी प्राइवेट स्कूल से ज्यादा योग्य हैं, प्राइवेट स्कूल के प्रबंधन से ज्यादा मेहनत शिक्षा विभाग के विभिन्न अधिकारी करते हैं। लेकिन निगम स्कूलों की यह तस्वीर लोगों तक नहीं पहुंच रही है। जिसकी वजह से लोगों में निगम स्कूलों के प्रति रुझान नहीं बढ़ रहा है। 
 

चेयरमैन राजकुमार बल्लन ने कहा कि निगम स्कूलों में लगातार परिवर्तन हो रहा है। यहां के बच्चों की योग्यता हर क्षेत्र में उम्दा है। शिक्षा का स्तर ऊंचा हुआ है। लेकिन निगम इन विशेषताओं को प्रचारित नहीं कर पा रहा हैं। शिक्षा विभाग का फेसबुक पेज तक नहीं बना है। सोशल मीडिया पर निगम स्कूलों की उन्नति को प्रचारित किया जाना चाहिए। बैठक में मनोनीत सदस्य उदय कौशिक मिड-डे मील का अभी तक टेंडर नहीं किए जाने को लेकर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि इसी तरह मामले को लटकाया जाएगा और फिर कहा जाएगा कि अब तो टेंडर का समय नहीं है और जो एजेंसियां खाना उपलब्ध करवा रही हैं, उनकी ही मियाद बढ़ा दी जाए।

 

उन्होंने विभाग द्वारा दिए जाने वाले एक्शन टेकन रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए। कौशिक ने कहा कि सारी कार्यवाही पूरी हो जाती है फिर भी निजी स्कूलों को मान्यता नहीं दी जाती है। ऐसे स्कूलों से निगम को आधिकारिक तौर पर डोनेशन लेना शुरू कर देना चाहिए। कुसुम तोमर ने कॉपी किताबों के बदले नकदी दिए जाने को गलत ठहराया और कहा कि बच्चों को 300 रुपये दिए जा रहे हैं इसे अभिभावक खर्च कर देंगे। विनोद बछेती ने भी उनकी बात का समर्थन किया। शशि चांदना ने कहा कि मंडावली में स्कूल के बाहर काफी अतिक्रमण है। इसकी उन्होंने शिकायत भी की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यहां की बालकनी व छत जर्जर हो गई है। एक दिवार में सीलन है लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने त्रिलोकपुरी के दो स्कूलों के भवन के नीचा होने की भी शिकायत की। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

pooja

Recommended News

Related News