विज्ञान मेले में स्कूली बच्चों ने बनाया World record

punjabkesari.in Saturday, Oct 06, 2018 - 03:20 PM (IST)

लखनऊ:  उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में चल रहे चार दिवसीय भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान मेले के दूसरे दिन आज 550 बच्चों ने केले का डीएनए निकालकर विश्व कीर्तिमान बना दिया। यहां जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में किए गए इस प्रयोग में 550 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था और सभी के प्रयोग सफल रहे। 

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से एडजुडिकेटर ऋषिनाथ ने स्कूल को विश्व कीर्तिमान का प्रमाणपत्र दिया।  इससे पिछला कीर्तिमान अमेरिका के सिएटल चिल्ड्रेन रिसर्च इंस्टीट्यूट में वर्ष 2017 में बनाया गया था जिसमें 302 बच्चों ने सफलतापूर्वक केले का डीएनए अलग किया था।  इसके साथ ही आज समय के लिहाज से भी बच्चों ने रिकॉर्ड बनाया और डेमो समेत पूरी प्रक्रिया एक घंटा एक मिनट में पूरी की जबकि सिएटल में यह प्रक्रिया 90 मिनट में पूरी की गयी थी। 


प्रयोग में हिस्सा लेने वाले छात्र सौम्या, तरिषा और तनिष्क ने बताया कि उन्हें विश्व रिकॉर्ड बनाने वाली टीम में शामिल होने की खुशी है। प्रयोग के लिए छात्र-छात्राओं का चयन उम्र के आधार पर किया गया था और इसमें आठवीं से 12वीं कक्षा तक के बच्चे शामिल थे।  प्रयोग शुरू करने से पहले छात्रों को डीएनए और उसकी खूबियों के बारे में जानकारी दी गयी। इसके साथ ही प्रयोग का एक डेमो भी दिया गया। 

 

उन्हें बताया गया कि केले के डीएनए इंसानों के डीएनए से 90 प्रतिशत मिलते हैं। इनके 50 प्रतिशत जेनेटिक कंपाउंड भी इंसानों के समान हैं। प्रयोग से पहले अरिंदम, आरुधि और दिव्यांश ने बताया कि उन्होंने पहले एक बार मॉक तैयारी में यह प्रयोग किया हुआ है और उन्हें पूरा विश्वास है कि वे प्रयोग सफलतापूर्वक कर लेंगे।  गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों के अलावा हर 48 छात्र पर एक वैज्ञानिक स्वतंत्र निरीक्षक की भूमिका निभा रहे थे।  सबसे पहले छात्रों ने केले को खूब अच्छी तरह मसलकर पेस्ट तैयार किया। इसके बाद उसमें बफर सॉल्यूशन मिलाया गया। फिर इस गाढ़े तरल को फिल्टर कर उससे प्राप्त पतले तरल को अवक्षेपण के लिए छोड़ा गया। कुछ देर बाद डीएनए का अवक्षेप तैयार हो गया। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

pooja

Recommended News

Related News