PIX: भस्मासुर से बचने के लिए यहां छुपे थे भोलेनाथ

punjabkesari.in Sunday, Jul 24, 2016 - 11:50 AM (IST)

18 हजार फुट की ऊंचाई पर श्रीखंड महादेव स्थित है। यहां भोलेनाथ का शिवलिंग है।  इस यात्रा के दौरान रास्ते में लगभग एक दर्जन धार्मिक स्थल व देव शिलाएं आती हैं। श्रीखंड से लगभग 50 मीटर पहले देवी पार्वती, श्री गणेश अौर कार्तिक स्वामी की प्रतिमाएं हैं।

 

कहा जाता है कि भस्मासुर दैत्य ने भगवान शिव की तपस्या करके वर मांगा था कि वह जिस के शीश पर हाथ रखे वह भस्म हो जाए। वर पाने के उपरांत भस्मासुर अंहकारवश भगवान शंकर के पीछे भागा था, जिसके कारण भोलेनाथ को गुफा में छिपना पड़ा था। भोलेनाथ इन्हीं पहाड़ों की गुफा में छिपे थे। दैत्य के भय से मां पार्वती रोने लगी अौर कहा जाता है कि उनके आंसुओं से ही नयनसरोवर बना था। इस सरोवर की धारा यहां से 25 कि.मी. नीचे भगवान शिव की गुफा निरमंड के देव ढांक तक गिरती है।

 

ये भी कहा जाता है कि जब पांडव 13 वर्ष के वनवास के लिए गए थे तो कुछ समय के लिए इस स्थान पर रुके थे। यहां भीम द्वारा बड़े-बड़े पत्थरों को काटकर रखा गया है जो इस बात का प्रमाण है। इस स्थान पर आने वाले श्रद्धालुअों को एक दैत्य मार कर खा जाता था, उसे पांडवों ने मारा था। उस दैत्य का रक्त जहां पर पड़ा था, वह जगह लाल रंग की हो गई थी, आज भी वहां यह स्थान लाल ही है। रात के वक्त भीमडवार में कई जड़ी-बूटियां चमक उठती हैं। माना जाता है कि यहां संजीवनी बूटी भी है।

 

रास्ते में पार्वती बाग भी है, इसके बारे में कहा जाता हैं कि इस स्थान पर आज भी रंग-बिरंगे फूल खिलते हैं जो इस जगह के अतिरिक्त कहीं अोर नहीं मिलते। श्रीखंड जाते समय रास्ते में बहुत से पर्वत आते हैं जो बर्फ से ढके और जड़ी-बूटियों से लदे हैं। श्रद्धालु भोलेनाथ का नाम जपते संकरे रास्तों से होकर आगे बढ़ते जाते हैं। यहां जाने के लिए भक्तों का मेडिकली फिट होना जरुरी है। प्रत्येक भक्तों को पंजीकरण करवाना पड़ता है। 

 

यहां पहुचने के लिए रामपुर बुशहर से 35 कि० मी० की दूरी तय करके बागीपुल या अरसू सड़क के रास्ते से पहुंचा जा सकता है। रास्ते में बहुत से मंदिर आते हैं। उसके बाद बागीपुल से 7 कि० मी० दूर जांव गांव है, वहां तक गाड़ी द्वारा जा सकते हैं। इसके आगे 25 कि.मी. की सीधी चढ़ाई पैदल करनी पड़ती है।

 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News