Yuge Yugeen Bharat Museum: भारत की सभ्यतागत यात्रा को दर्शाएगा ‘युगे युगीन भारत म्यूजियम’

punjabkesari.in Thursday, Nov 12, 2026 - 11:58 AM (IST)

नई दिल्ली (विशेष): दुनिया के बड़े और प्रसिद्ध संग्रहालयों की चर्चा होती है तो फ्रांस का लूव्र, ब्रिटेन का ब्रिटिश म्यूजियम, रूस का हर्मिटेज और अमरीका का स्मिथसोनियन इंस्टीट्यूशन जैसे नाम सामने आते हैं। अब भारत भी इस वैश्विक सूची में अपनी अलग पहचान बनाने की तैयारी कर रहा है। राजधानी दिल्ली में प्रस्तावित ‘युगे युगीन भारत म्यूजियम’ न केवल देश की हजारों साल पुरानी सभ्यतागत विरासत को एक छत के नीचे समेटेगा, बल्कि प्रदर्शन क्षेत्र के लिहाज से दुनिया के सबसे बड़े संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाएगा।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना की अनुमानित लागत 3,230 करोड़ रुपए है। सार्वजनिक निवेश बोर्ड (पीआईबी) ने परियोजना का मूल्यांकन किया है। इसकी खास बात यह है कि संग्रहालय के लिए किसी नए भवन परिसर के निर्माण के बजाय ऐतिहासिक नॉर्थ और साउथ ब्लॉक की वास्तुकला और ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए इन्हें एक आधुनिक सार्वजनिक सांस्कृतिक संस्थान में बदला जाएगा।

करीब 1,78,509 वर्ग मीटर के प्रस्तावित निर्मित क्षेत्र में विकसित होने वाले इस संग्रहालय में आधुनिक संग्रहालय तकनीक, डिजिटल माध्यम और दर्शकों को जोड़ने वाले विशेष अनुभवों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसका उद्देश्य केवल ऐतिहासिक वस्तुओं को प्रदर्शित करना नहीं, बल्कि भारत की सभ्यता के विकास की कहानी को रोचक और प्रभावशाली तरीके से सामने लाना है।

अलग-अलग विषयों पर आधारित होंगी दीर्घाएं
संग्रहालय में अलग-अलग विषयों पर आधारित दीर्घाएं बनाई जाएंगी। इनमें भारत की सांस्कृतिक विविधता, ज्ञान परंपराएं, कला, सामाजिक जीवन, ऐतिहासिक घटनाएं और मूर्त एवं अमूर्त विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा कलाकृतियों के संरक्षण और भंडारण के लिए आधुनिक सुविधाएं, आगंतुकों के लिए बेहतर व्यवस्था, भूदृश्य विकास और स्मार्ट भवन प्रणालियां भी विकसित की जाएंगी।

लूव्र संग्रहालय (पेरिस, फ्रांस)
प्रदर्शनी क्षेत्र के लिहाज से सबसे बड़ा कला संग्रहालय
प्रदर्शनी क्षेत्र: 72,735 वर्ग मीटर
संग्रह में लगभग पांच लाख वस्तुएं

स्मिथसोनियन इंस्टीट्यूशन (वॉशिंगटन डीसी, अमरीका)
कुल संग्रह के लिहाज से सबसे बड़ा संग्रहालय नेटवर्क
21 संग्रहालयों और कई शोध संस्थानों का विशाल नेटवर्क
15.5 करोड़ से अधिक वस्तुएं व नमूने
प्राकृतिक इतिहास, अंतरिक्ष, विमानन, विज्ञान और कला का व्यापक संग्रह

स्टेट हर्मिटेज म्यूजियम (सेंट पीटर्सबर्ग, रूस)
30 लाख से अधिक कलाकृतियां और ऐतिहासिक वस्तुएं।
विशाल शाही महल परिसर।
यूरोपीय चित्रकला, मूर्तियां और प्राचीन सभ्यताओं की धरोहर।
नेशनल म्यूजियम ऑफ चाइना
चीनी सभ्यता के हजारों वर्षों के इतिहास का संग्रह।
पुरातत्व, कला और ऐतिहासिक दस्तावेजों की विशाल धरोहर।

ब्रिटिश म्यूजियम (लंदन, ब्रिटेन)
लगभग 80 लाख वस्तुओं का संग्रह।
मिस्र की ममियां, रोसेटा स्टोन और प्राचीन सभ्यताओं की वस्तुएं।
मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट (न्यूयॉर्क, अमरीका)
20 लाख से अधिक कलाकृतियां।
मिस्र, एशिया, यूरोप और अफ्रीका की कला का संग्रह।

वेटिकन म्यूजियम (वेटिकन सिटी)
कला और धार्मिक विरासत का विशाल संग्रह।
माइकल एंजेलो की प्रसिद्ध सिस्टिन चैपल की छत।
प्राचीन रोमन और यूनानी मूर्तियां।

ग्रैंड इजिप्शियन म्यूजियम (मिस्र)
एक लाख से अधिक प्राचीन वस्तुओं का संग्रह।
तूतनखामुन से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरों के लिए प्रसिद्ध।

अमेरिकन म्यूजियम ऑफ नेचुरल हिस्ट्री (न्यूयॉर्क, अमरीका)
3.4 करोड़ से अधिक नमूने व वस्तुएं।
डायनासोर के विशाल कंकाल, जीवाश्म और अंतरिक्ष विज्ञान का संग्रह।

नेशनल पैलेस म्यूजियम (ताइवान)
चीनी शाही इतिहास की लगभग सात लाख से अधिक वस्तुओं का संग्रह।
प्राचीन पेंटिंग, चीनी मिट्टी की कलाकृतियां और शाही खजाना।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News