Weekly numerology (3rd-9th june): जन्मतिथि से जानिए आपके लिए कितना शुभ रहेगा यह सप्ताह

punjabkesari.in Monday, Jun 03, 2024 - 12:55 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक – 1
मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं। मूलांक 1 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम मिले-जुले रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में सोमवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। विद्यार्थियों को अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। हालांकि मंगलवार का दिन थोड़ा सावधानी से बिताएं। सप्ताह के मध्य का समय निजी जीवन के साथ ज्यादा व्यस्त रहेगा। शुक्रवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। नौकरी में स्थानांतरण चाहने वाले लोग आवेदन कर सकते हैं। संतान पक्ष से कोई शुभ समाचार प्राप्त होने की संभावनाएं बनती है। शनिवार का दिन कामकाज के कारण ज्यादा व्यस्त रहेगा। कोर्ट-कचहरी के मामले भी सामने आ सकते हैं। रविवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाकर समय का लाभ उठाने की कोशिश करें।
उपाय:-काली उड़द की दाल जल प्रवाह करें। कोई जंग लगी हुई लोहे की वस्तु घर में न रखें।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं। मूलांक 2 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम थोड़े मंदे रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में सोमवार का दिन तो आपके लिए अच्छा रहेगा। कामकाज में तरक्की के योग बनते हैं। हालांकि मंगलवार से सप्ताह के आगे का समय थोड़ा सोच-समझ कर व्यतीत करें। किसी के साथ बातचीत के दौरान शब्दों का चयन सोच-समझ कर करें। लोगों को अपना भेद न बताएं अन्यथा नुकसान उठाना पड़ सकता है। सप्ताह के मध्य का समय वैवाहिक जीवन में व्यस्तता के कारण थोड़ा तनावपूर्ण रहेगा। शुक्रवार के दिन सेहत का ख्याल रखें। पैरों के दर्द की समस्या उत्पन्न हो सकती है। मानसिक तनाव की परिस्थितियां सामने आ सकती हैं। हालांकि रविवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। काफी समय से रुके हुए कामों को दृढ़ संकल्प के साथ पूरा करने की कोशिश करें।
उपाय:- दूध में हल्दी डालकर सेवन करें। सूर्य भगवान को तांबे के लोटे से जल दें।

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं। मूलांक 3 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम मिले-जुले रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को शुभ समाचार मिल सकता है। मेहनत के साथ किए गए कार्य सफलता की ऊंचाइयों तक लेकर जाएंगे। रिसर्च और अनुसंधान से जुड़े हुए लोगों के लिए भी सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी। सप्ताह के मध्य में कॉमर्स और ट्रेड से जुड़े हुए लोगों को मुनाफा होगा। बृहस्पतिवार के दिन भौतिक सुख-साधनों में वृद्धि होगी। वाहन और मकान खरीदने के योग बनते हैं। शुक्रवार का दिन यात्राओं के योग लेकर आया है। शनिवार के दिन थोड़ी सी मेहनत करके सफलता को प्राप्त किया जा सकता है। आलस्य के कारण समय को खराब न करें। रविवार का दिन भी आपके लिए अच्छा रहेगा।
उपाय:- शनि चालीसा का पाठ करें। सात्विक और धार्मिक स्वभाव का आचरण करें।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहू देव करते हैं। मूलांक 4 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम औसतन सकारात्मक रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत का समय विद्यार्थियों के लिए अच्छा रहेगा। मंगलवार का दिन आपके लिए विशेष रूप से अच्छा रहेगा। विदेशी काम से लाभ होने के योग बनते हैं। बुधवार के दिन अपने काम को जल्दी करने के लिए शॉर्टकट अपनाने की कोशिश करेंगे। सप्ताह के मध्य का समय प्रेम संबंधों के लिए अच्छा रहेगा। संतान पक्ष से शुभ समाचार प्राप्त होगा। शनिवार का दिन भी आपके लिए अच्छा रहेगा। प्रॉपर्टी संबंधी मामलों में लाभ होने की संभावना बनती है। रविवार का दिन थोड़ा सावधानी से बिताएं। अपने क्रोध पर काबू रखें और बेकार के लड़ाई-झगड़े से दूर रहें अन्यथा नुकसान उठाना पड़ सकता है।
उपाय :- घर में कोई जंग लगी हुई लोहे की वस्तु न रखें। गले में पीले रंग का धागा पहनें।

मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। मूलांक 5 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम मिले-जुले रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत का समय कामकाज के कारण ज्यादा व्यस्त रहेगा। मंगलवार के दिन आधुनिक तकनीक को अपनाकर अपने काम को जल्दी करने की कोशिश करेंगे। अपनी सोच से कुछ अलग आयाम स्थान बना सकते हैं। बुधवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। मार्केटिंग और सेल्स से जुड़े हुए लोग अच्छे परिणाम प्राप्त करेंगे। बृहस्पतिवार का दिन वैवाहिक जीवन के सुखों में वृद्धि करेगा। जीवन साथी के साथ संबंधों में मधुरता बढ़ेगी। सप्ताह के अंत का समय थोड़ा गंभीर और परिपक्वता के विचारों वाला रहेगा। आपके कार्य करने की गति थोड़ी धीमी हो सकती है। हालांकि अपने क्रोध पर काबू रखें और सूझबूझ के साथ कोई काम करने की कोशिश करें।
उपाय:- छोटी कन्या को भोजन करवा कर उनका आशीर्वाद लें। पक्षियों को हरी मूंग की दाल का दाना डालें।

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शुक्र देव करते हैं। मूलांक 6 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम मिले-जुले रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में व्यावसायिक जीवन के स्तर पर समय ज्यादा सक्रिय रहेगा। अपने काम को आगे बढ़ाने के विचार के साथ दिनचर्या थोड़ी व्यस्त रहेगी। मंगलवार के दिन आपके विचारों में आधुनिक आयाम शामिल हो सकते हैं। सप्ताह के मध्य का समय हालांकि विवाह योग्य जातकों के लिए अच्छा रहेगा। जीवन में कोई प्रेम संबंध दस्तक दे सकता है। बृहस्पतिवार के दिन खर्च अधिक होंगे। शुक्रवार के दिन यात्राओं के योग बनते हैं। शनिवार का दिन वाहन खरीदने के लिए अच्छा रहेगा। रविवार के दिन घर में किसी शुभ कार्य का आयोजन हो सकता है। छोटे बहन-भाइयों के साथ अनबन होने की संभावना भी बनती है।
उपाय:- जीवनसाथी के साथ संबंधों को मधुर बनाकर रखें। शनि चालीसा का पाठ करें।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व केतु देव करते हैं। मूलांक 7 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत का समय अच्छा रहेगा। ज्योतिष विद्या या अन्य किसी गुप्त विद्या को सीखने का मन बना सकते हैं। उच्च शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हुए लोगों को भी अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। मंगलवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। कुछ रुके हुए कामों को गति मिलेगी। मॉडर्न आर्ट और रिसर्च से जुड़े हुए लोग अच्छे परिणाम प्राप्त करेंगे। सप्ताह के मध्य में मां-बेटी के संबंध अच्छे होंगे। निजी जरूरत पर धन खर्च होगा। शुक्रवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। दर्शनशास्त्र से जुड़े हुए लोग अच्छे परिणाम प्राप्त करेंगे। सप्ताह के अंत में कार्य की गति थोड़ी धीमी रहेगी। अपने क्रोध पर काबू रखें और परिस्थितियों के अनुसार अपने आप को ढालने की कोशिश करें।
उपाय:- गणेश भगवान की आराधना करें। कुत्ते को मीठी रोटी खिलाएं और उसकी सेवा करें।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शनि देव करते हैं। मूलांक 8 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम मिले-जुले रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत का समय हालांकि आपके लिए अच्छा रहेगा। बच्चे अपनी आगे की पढ़ाई को लेकर योजना बनाएंगे। आपके कामकाज और जिम्मेदारियां दोनों में इजाफा होगा। मंगलवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। विदेशी काम से लाभ होने के योग बनते हैं। बुधवार के दिन कुछ अनचाहे खर्च आपके सामने आ सकते हैं। बृहस्पतिवार का दिन प्रेम संबंधों में वृद्धि करेगा। जीवन साथी के साथ संबंध अच्छे होंगे। शुक्रवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। कहीं घूमने जाने की योजना बन सकती है। शनिवार का दिन भी आपके लिए अच्छा रहेगा। अपने किसी रुके हुए काम को पूरा करने की कोशिश करें।
उपाय:- शनि देव के मंदिर में सरसों के तेल का दीपक जलाएं और जाने-अनजाने हुई अपनी गलतियों की क्षमा याचना करें। जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता करें।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व मंगल देव करते हैं। मूलांक 9 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम औसतन प्रकार के रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में सोमवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। प्रतियोगिता में सफलता मिलने के योग बनते हैं परंतु किसी काम को अहंकार के कारण बिगाड़ने की कोशिश न करें। मंगलवार का दिन विशेष सावधानी से बिताएं। लोग आपको किसी प्रलोभन में फंसा कर नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं। सप्ताह के मध्य का समय निजी जिम्मेदारियां के इर्द-गिर्द व्यतीत होगा। शुक्रवार के दिन सेहत का ख्याल रखें। सप्ताह के अंत का समय भी थोड़ा मंदा ही रहेगा। आलस्य के कारण काम में मन नहीं लगेगा।
उपाय:- हनुमान चालीसा का पाठ करें। सूर्य भगवान को तांबे के लोटे से जल दें।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News