Virgo 2025 Prediction: कन्या राशि वालों के लिए बड़ी भविष्यवाणी, अगले 4 महीने में होंगे बड़े बदलाव
punjabkesari.in Monday, Aug 25, 2025 - 10:01 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Virgo 2025 Prediction: विदा ले रहे इस साल के जो बाकी महीने बचे हैं यानी 31 दिसंबर तक का समय अब कन्या राशि वालों के लिए अपनी बंद मुट्ठी में कई आश्चर्य भी लेकर आ रहा है और कई उपलब्धियां भी लेकर आ रहा है। कई ग्रह मिलकर कन्या राशि वालों के वह काम भी पूरे करने वाले हैं, जिन्हें लेकर कन्या राशि वाले अभी तक निराश चल रहे थे। निराशा इसलिए थे क्योंकि डटकर मेहनत करने के बावजूद किस्मत का साथ नहीं मिल पा रहा था। परंतु आप कई ग्रह मिलकर कन्या राशि की किस्मत का दरवाजा खोल रहे हैं।
आपके जन्म के समय चंद्रमा जिस राशि में गोचर कर रहे होते हैं, वही कुंडली में आपकी चंद्र राशि होती है। जिन लोगों का नाम पा, पी, पू , पे, पो, ढो, ष, ण, ठ से शुरू होता है तो ऐसे लोगों की कन्या राशि होती है। इस राशि के स्वामी बुध ग्रह हैं जो इस राशि में उच्च के माने जाते हैं। कन्या राशि के लोग अच्छे मनोचिकित्सक होते हैं, डॉक्टर होते हैं, पायलट होते हैं, टीचर होते हैं। वकील होते हैं, न्यायाधीश होते हैं। पत्रकार होते हैं और अच्छे बिजनेसमैन भी होते हैं। कन्या राशि के लोग स्वभाव से विनम्र और मृदुभाषी होते हैं। यह लोग सच्चे दोस्त साबित होते हैं और दोस्ती निभाने के लिए कुछ भी करने को तैयार रहते हैं।
अब अगले चार महीने यानी 31 दिसंबर 2025 तक का समय कन्या राशि वालों के लिए कई मोर्चों पर बहुत ही शानदार रहने वाला है. आपकी लव लाइफ में, आपके कैरियर में, आपके बिजनेस में और जिंदगी में कुछ बड़ा होने वाला है। कुछ ऐसी घटनाएं भी आपके साथ होगी जो आपको रोमांचित करेंगी। ग्रहों के खेल की शुरुआत नवग्रह में गुरु का दर्जा हासिल बृहस्पति की चाल से करते हैं। देवगुरु बृहस्पति इस समय मिथुन राशि में गोचर कर रहे हैं और वह अतिचारी अवस्था में है यदि तीन गुना तेज रफ्तार में चल रहे हैं। देवगुरु बृहस्पति 18 अक्तूबर 2025 को मिथुन राशि से कर्क राशि में जाएंगे जो देवगुरु बृहस्पति की उच्च राशि है। उच्च राशि में आकर बृहस्पति हमेशा परम बलशाली हो जाते हैं।
11 नवंबर को गुरु कर्क राशि में वक्री अवस्था में चले जाएंगे, यानि उल्टी चाल चलेंगे। फिर साल के अंत में 5 दिसंबर को देवगुरु बृहस्पति उल्टी चाल में ही फिर से मिथुन राशि में प्रवेश कर जाएंगे। यानी अगले 4 महीने देवगुरु बृहस्पति कन्या राशि वालों के लाइफ पर जबरदस्त असर डालने वाले हैं। देव गुरु बृहस्पति के बाद अब शनि देव की बात करते हैं। शनि देव 13 जुलाई से उल्टी चाल चल रहे हैं यानी रेट्रोग्रिड हैं और 28 नवंबर 2025 तक वक्री अवस्था में रहेंगे और कन्या राशि भी शनि के प्रभाव से अछूती नहीं रहेगी।
राहु और केतु यह दोनों ग्रह इस साल के बाकी महीना में अब कोई राशि परिवर्तन नहीं करने वाले। राहु कुंभ राशि में और केतु सिंह राशि में गोचर करते रहेंगे। लेकिन इन 4 महीना के दौरान सूर्य 4 बार राशि परिवर्तन करेंगे। मंगल, बुध, शुक्र का राशि परिवर्तन 2 से 3 बार होगा. चंद्रमा तो हर अढ़ाई दिन के बाद अपनी राशि बदल लेते हैं। 7 सितंबर को चंद्र ग्रहण और 21 सितंबर को सूर्य ग्रहण लगेगा। यह दोनों ग्रहण भी कन्या राशि वालों की लाइफ पर असर डालेंगे। ग्रहों का यह परिवर्तन 31 दिसंबर तक कन्या राशि वालों की जिंदगी के अलग-अलग पहलू पर गहरा असर डालने वाला है।
करियर और बिजनेस
कन्या राशि वालों के लिए अगले 4 महीने का समय आपके करियर और व्यवसाय में सफलता के नए द्वार खोलेगा। शनि देव भाग्य में वृद्धि करेंगे जिससे मेहनत का पूरा फल मिलेगा। जो लोग सरकारी नौकरी या प्रमोशन की प्रतीक्षा कर रहे हैं, उन्हें शुभ समाचार मिल सकता है। व्यापारियों के लिए यह साल नए निवेश और साझेदारियों के लिए उत्तम रहेगा। कोई बड़ी डील फाइनल कर सकते हैं।
इस अवधि में आपके धन भाव में ग्रहों की विशेष कृपा रहने वाली है। किसी अनपेक्षित स्रोत से धन प्राप्ति होगी। संपत्ति या पुश्तैनी धन को लेकर यदि कोई विवाद चल रहा था, तो उसमें आपको विजय मिलेगी। यह समय उन लोगों के लिए भी खास है जो खुद का बिजनेस शुरू करना चाहते हैं क्योंकि भाग्य आपका पूरा साथ देगा।
रिलेशनशिप
रिश्तों में गहराई आएगी और आत्मनिर्भरता की तरफ आप तेजी से बढ़ेंगे। कन्या राशि के जातकों के लिए पारिवारिक जीवन हमेशा महत्वपूर्ण होता है। आप अपने परिवार को अच्छा क्वालिटी टाइम दे पाएंगे। इसके अलावा गुरु शनि और शुक्र की कृपा से आपको अपने आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। रिश्तों में भावनात्मक संतुलन आएगा और आप दूसरों की बजाय खुद के निर्णयों पर भरोसा करना सीखेंगे। दांपत्य जीवन में एक नई गहराई और रोमांस देखने को मिलेगा।
अगले 4 महीना के दौरान कन्या राशि के अविवाहित जातकों के लिए मांगलिक कार्य करवाने वाला योग बन रहा है। इसलिए वह लोग जो अपने विवाह का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, वह अब शादी के बंधन में बंध सकते हैं। कन्या राशि वाले विद्यार्थी अगर विदेश जाकर पढ़ाई करने का सपना पहले है तो यह सपना पूरा हो सकता है और विदेश जाने की कोई फाइल अगर आपने लगा रखी है तो अब वह शुभ घड़ी आ सकती है जब आप विदेश जा पाएंगे।
दिसंबर तक का समय आपके लिए करियर के लिहाज से बहुत बढ़िया है। आप अपनी मनचाही नौकरी पा सकते हैं । साथ ही साथ आपके जॉब में आपकी प्रमोशन और प्रशंसा का योग बन रहा है। आप के वरिष्ठ अधिकारी आप पर मेहरबान रहेंगे और कार्यस्थल पर आप का रुतबा बढ़ेगा। आपको अपने आप को साबित करने के मौके भी मिलेंगे और आप कोई नए मुकाम भी हासिल कर सकते हैं। प्रमोशन और इंक्रीमेंट के योग बनेंगे। सरकार की तरफ से भी आपको कोई फायदा हो सकता है।
कन्या राशि के विद्यार्थियों को किसी बड़ी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता मिलने के पूरे योग बन रहे हैं। शिक्षा में और बेहतर परिणाम के लिए आपको रोज मेडिटेशन करनी चाहिए जिससे आपको अपना ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलेगी। अगर आर्थिक स्थिति की बात करें तो कन्या राशि वालों के लिए ग्रहों का गोचर धन और परिवार के लिए बहुत शुभ रहने वाला है। आपको आपकी मेहनत का भरपूर लाभ मिलेगा। धन लाभ भी होगा। इस साल अगस्त और अक्टूबर महीने में आप लग्जरी आइटम और परिवार के ऊपर अच्छी खासी रकम खर्च करेंगे। नवंबर और दिसंबर का महीना तो धन से संबंधित कार्यों के लिए बेहद शुभ रहने वाला है।
कन्या राशि वालों को अब संतान का भी पूर्ण सुख मिलने वाला है .आपको संतान की तरक्की से हर्षोल्लास और खुशी मिलेगी हालांकि कई बार आपके संतान की चंचलता थोड़ी आपको परेशान कर सकती है लेकिन आपको संयम और विवेक से काम लेना होगा। इतना आप तय मान सकते हैं कि अब आपको अपनी संतान के लिए किए गए कार्यों की वजह से सामाजिक प्रतिष्ठा भी मिलेगी। यही नहीं, आपके आध्यात्मिक जीवन में भी बहुत गहराई आएगी. धर्म कर्म और अध्यात्म के कार्यों में आपकी रुचि बढ़ेगी. धार्मिक और तीर्थ स्थलों की यात्राएं भी होगी. किसी संत महापुरुष का आपके आशीर्वाद भी मिलेगा। इसके अलावा आपको पैतृक संपत्ति का लाभ भी मिलेगा और कोर्ट कचहरी में कोई मामला चल रहा है तो वहां से बहुत बड़ी राहत भी आपको मिलेगी।
गुरमीत बेदी
9418033344