आज जिनका जन्मदिन है, जानें कैसा रहेगा आने वाला साल
punjabkesari.in Thursday, Apr 04, 2024 - 08:02 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Today's Birthday Prediction: आज आपके जन्मदिन की आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं। 4 अप्रैल में जन्मे व्यक्तियों का मूलांक 4 होता है, जिनके स्वामी राहु देव हैं। मूलांक 4 वालों को जीवन के हर पड़ाव पर किसी न किसी परेशानी व रुकावट का सामना करना पड़ता है। इनके जीवन में मुख्यतः सब घटनाएं अचानक ही होती हैं। मूलांक 4 वालों की सोच सामान्य जन से अलग होती है। ये लोग हमेशा परिवर्तन की ओर अग्रसर रहते हैं। मूलांक 4 वाले जातक समाज से पुरानी सोच को हटाकर नई सोच को स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास करते हैं। जिसके कारण इन्हें बहुत से विरोधाभास का सामना करना पड़ता है। मूलांक 4 वाले जातकों को हमेशा मुख्यधारा से अलग-थलग समझा जाता है। इस क्रांतिकारी स्वभाव के कारण लोग इन्हें लड़ाकू और झगड़ालू समझ लेते हैं, जबकि मूल रूप से ये लोग समाज सुधारक के रूप में कार्य कर रहे होते हैं। इन सभी परिस्थितियों के चलते मूलांक 4 वाले जातकों का स्वभाव थोड़ा क्रोधी, क्रांतिकारी एवं हिंसक हो जाता है। इन लोगों को जीवन में एक अच्छी सलाह और मार्गदर्शन का साथ मिले तो मूलांक 4 वाले जातक चौंका देने वाली बुलंदियों को हासिल करते हैं। ये लोग बहुत ही खुले दिल के और मौज-मस्ती में जीवन को बिताने वाले होते हैं। मूलांक 4 वालों के दोस्त बहुत जल्दी बन जाते हैं।
आज जिन जातकों का जन्मदिन है यह वर्ष आपके लिए शुभ परिणाम वाला रहेगा। इस साल दर्शन शास्त्र से जुड़े हुए लोग अच्छे परिणाम प्राप्त करेंगे। आपका मन ज्योतिष विद्या सीखने की तरफ भी आकर्षित हो सकता है। यात्राओं से लाभ होने की संभावना बनती है। अप्रैल के महीने का समय थोड़ा सावधानी से बिताएं। भावनाओं में आकर फैसला लेने से बचें। मई के महीने का समय आपके लिए अच्छा रहेगा। धन लाभ के योग बनते हैं। शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हुए लोगों को भी अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। जून के महीने में विदेशी काम से लाभ होगा। अकस्मात किसी रुके हुए काम को गति मिलने की संभावना बनती है। जुलाई के महीने में कोई शॉर्टकट अपना कर अपने काम को जल्दी करने की कोशिश करेंगे, हालांकि समय सोच-समझ कर व्यतीत करने का है। अगस्त के महीने में भौतिक सुख-साधनों में वृद्धि होने के योग बनते हैं। वाहन खरीदने की संभावना बनती है। सितंबर के महीने का समय यात्राओं के नजरिया से अच्छा रहेगा। नौकरी में स्थानांतरण भी संभव है। अक्टूबर के महीने में कार्यभार की अधिकता बनी रहेगी। प्रॉपर्टी संबंधी मामलों में लाभ होने की संभावना बनती है। नवंबर के महीने का समय थोड़ा सावधानी से बिताएं। कोर्ट- कचहरी के मामलों से दूरी बनाकर रखें। दिसंबर के महीने में किसी नए काम को शुरू करने का विचार बनाएंगे।
वर्ष 2025 के जनवरी के महीने में कार्य की गति थोड़ी धीमी रहेगी। आलस्य भी आपके ऊपर प्रभावित हो सकता है। फरवरी के महीने में दोस्तों के साथ लड़ाई-झगड़ा होने की संभावना बनती है। अपने क्रोध पर काबू रखें। मार्च के महीने का समय नौकरी की तलाश कर रहे लोगों के लिए अच्छा रहेगा।
उपाय- इस वर्ष के शुभ फल प्राप्त करने के लिए संतान पक्ष के साथ संबंधों को मधुर बनाकर रखें। परनिंदा से परहेज करें। कानों में सोना धारण करें। माथे पर केसर का तिलक लगाएं। गले में पीले रंग का धागा पहनें। माता-पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें। यथा संभव शिवलिंग पर जल अभिषेक करते रहें। सरस्वती मां की आराधना करें और उन्हें नीले रंग के फूल अर्पित करें। घर में कोई खराब विद्युत उपकरण न रखें। खोटे सिक्के जल प्रवाह करें।
आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com