आज जिनका जन्मदिन है, जानें कैसा रहेगा आने वाला साल
punjabkesari.in Saturday, Jul 29, 2023 - 07:47 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Today's Birthday Prediction: आज आपके जन्मदिन की आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं। 29 जुलाई में जन्में व्यक्तियों का मूलांक 2 होता है, जिनके स्वामी चंद्र देव हैं। मूलांक 2 वाले जातक बहुत ही भावुक होते हैं। इनका हृदय कोमल होता है। मूलांक 2 वाले जातक सबका अच्छा चाहने वाले मृदुभाषी होते हैं। इनके मुख मंडल पर चंद्रमा के समान सुंदर आभा होती है। ये लोग दूसरों के साथ बहुत जल्दी भावनात्मक रिश्ता जोड़कर अपनापन बना लेते हैं। मूलांक 2 वाले जातक सबके लिए अच्छा सोचते हैं तथा हर प्रकार से सामने वाले की मदद करने के लिए तैयार रहते हैं। ये लोग जल्दी से किसी को किसी काम के लिए न नहीं कह पाते। जिसके कारण बहुत बार स्वयं परेशानी में पड़ जाते हैं। मूलांक 2 वाले जातकों की रचना तथा कला में भी रुचि होती है। इन लोगों की कल्पना शक्ति काफी मजबूत होती है। यदि जन्मतिथि के अन्य अंक भी साथ दें तो मूलांक 2 वाले जातकों को अद्भुत रचनाओं को जन्म देते हुए देखा गया है। मूलांक 2 वाले जातक शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करते हैं। मूलांक 2 वाले जातकों का वैवाहिक जीवन सामान्य रहता है। इनका भावनात्मक स्वभाव बहुत बार परिस्थितियों के मध्य इन्हें क्या करें और क्या न करें कि स्थिति में लाकर खड़ा कर देता है।

आज जिन जातकों का जन्मदिन है यह वर्ष आपके लिए मानसिक तौर पर ज्यादा संवेदनशील रहेगा। इस वर्ष यात्राओं के कारण आपके काम अस्त-व्यस्त हो सकते हैं। जुलाई के महीने के शेष दिन काफी परिवर्तनशील रहेंगे। समय थोड़ा सावधानी पूर्वक बिताएं। अगस्त के महीने में विवाह योग्य जातकों के लिए समय शुभ रहेगा। सितंबर के महीने में पैरों के दर्द के कारण परेशानी हो सकती है। यात्राओं के योग भी बनते हैं। अक्टूबर के महीने में मानसिक अशांति और अनिद्रा की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना बनती है। नवंबर के महीने में बेकार की लड़ाई-झगड़े से दूर रहें। खेलकूद से जुड़े हुए लोगों के लिए समय अच्छा रहेगा। दिसंबर के महीने में किसी नए काम में बहुत बड़ा निवेश न करें। किसी नई जिम्मेदारी का सामना करना पड़ सकता है। मनोबल में वृद्धि महसूस करेंगे।

वर्ष 2024 के जनवरी के महीने में आलस्य के कारण अपने काम को आने वाले समय पर डाल सकते हैं। फरवरी के महीने में समय का सदुपयोग करें और अपने अधूरे कामों को पूरा करने की कोशिश करें ताकि आने वाले समय का लाभ उठाया जा सके। मार्च के महीने में प्रतियोगिता में सफलता मिलने के योग बनते हैं। सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को शुभ समाचार मिल सकता है। अप्रैल के महीने में दस्तावेजों के लेन-देन में सावधानी बरतें। मई के महीने में समय विद्यार्थियों के लिए अच्छा रहेगा। जून के महीने में अकस्मात धन लाभ होने के योग बनते हैं। अपनी वाणी पर संयम रखें।
उपाय- इस वर्ष के शुभ फल प्राप्त करने के लिए संतान पक्ष के साथ संबंधों को मधुर बनाकर रखें। गणेश भगवान की आराधना करें। कुत्ते को मीठी रोटी खिलाएं और उसकी सेवा करें। घर में कोई खराब विद्युत उपकरण न रखें। ससुराल पक्ष के साथ संबंधों को मधुर बनाकर रखें। घर में कोई जंग लगी हुई लोहे की वस्तु न रखें। काले और नीले रंग से परहेज करें। यथासंभव चांदी के पात्र में जल पीएं। माता-पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें। सूर्य भगवान को जल दें।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com
