Stock Market Astrology: मीन में मंगल, शनि और सूर्य का त्रिग्रही योग, अस्थिर रहेगा बाजार
punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 09:28 AM (IST)
Stock Market Astrology: एस्ट्रो साइकल के लिहाज से इस सप्ताह 2 अप्रैल को मंगल राशि बदलेंगे और मंगल के राशि बदलते ही कुम्भ राशि में बना मंगल राहु का अंगारक दोष टूट जाएगा लेकिन मंगल मीन राशि में सूर्य और शनि के साथ त्रिग्रही योग बना लेंगे। केतु 29 मार्च को मघा नक्षत्र में आ चुके हैं जबकि राहु 29 मार्च के बाद अपने ही शतभिषा नक्षत्र के दूसरे चरण में गोचर कर रहे हैं।
31 मार्च को सूर्य चंद्र का व्यतिपात योग बनेगा जबकि इस दिन सूर्य बुध के रेवती नक्षत्र में गोचर करेंगे। 1 अप्रैल को बुध पूर्व भाद्रपद नक्षत्र में आएंगे। जबकि कुल मिला कर इक्विटी बाजार में उतार-चढ़ाव रहेगा और बाजार निचले स्तरों से रिकवरी करता हुआ नजर आ सकता है क्योंकि मंगल और राहु की युति टूटने के बाद ईरान और अमरीका के मध्य युद्ध को रोकने की दिशा में प्रयास तेज होते हुए नजर आएंगे। इस सप्ताह महावीर जयंती और गुड फ्राइडे पर बाजार बंद रहेगा लिहाजा बाजार में 3 दिन ही कारोबार होगा।
30 मार्च को चन्द्रमा केतु के मघा नक्षत्र के चौथे चरण में गोचर करेंगे लिहाजा बाजार की शुरुआत नेगेटिव रह सकती है लेकिन दोपहर 2.47 पर चन्द्रमा के नक्षत्र बदल कर शुक्र के पूर्व फाल्गुनी नक्षत्र के पहले चरण में गोचर करने से बाजार में थोड़ा सुधार संभव है। लिहाजा इस समय के दौरान अपनी पोजीशन पर जरूर ध्यान रखें। इस दौरान आई टी सैक्टर के शेयरों में तेजी देखने को मिल सकती है।
1 अप्रैल को चन्द्रमा कन्या राशि में सूर्य और शनि के सामने उत्तर फाल्गुनी नक्षत्र में गोचर करेगा और सुबह 7.26 बजे भद्रा शुरू होने से बाजार का रुख शुरुआत में अस्थिर रह सकता है। इसी दिन पूर्णिमा भी है लिहाजा बाजार जिधर भी रुख पकड़ेगा उधर तेजी के साथ चलेगा।
बाजार खुलने पर जल्दबाजी में बाजार में कोई पोजीशन न बनाएं क्योंकि सुबह 10 बजे चन्द्रमा इसी नक्षत्र के चौथे चरण में गोचर करेगा और इस के बाद ही बाजार की दिशा तय होगी। इस दिन सरकारी सेक्टर से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिल सकती है।
2 अप्रैल को चन्द्रमा कन्या राशि में हस्ता नक्षत्र में गोचर करेगा लिहाजा बाजार की ओपनिंग अस्थिर रहेगी लेकिन इस दिन युद्ध के मोर्चे पर कोई अच्छी खबर आने के कारण बाजार में निचले स्तरों से रिकवरी शुरू हो सकती है। इस दिन शिपिंग, पोर्ट और बेवरेज कंपनियों के अलावा डिफैन्स से जुड़ी कंपनियों के शेयरों पर भी फोकस बन सकता है।
नरेश कुमार
https://www.facebook.com/Astro-Naresh-115058279895728
