Shri Mata Vaishno Devi: कटड़ा स्टेशन पर रेस्टोरेंट ऑन व्हील्स सेवा प्रारंभ, देश-विदेश से आने वाले यात्रियों के लिए बनेगा आकर्षण का केंद्र
punjabkesari.in Friday, Nov 10, 2023 - 08:34 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
फिरोजपुर/जैतो (मल्होत्रा, कुमार, पराशर): रेल मंडल फिरोजपुर के अंतर्गत जम्मू-कश्मीर राज्य में पहला रेल कोच रेस्टोरेंट वीरवार से आरंभ हो गया है। मंडल रेल प्रबंधक संजय साहू ने बताया कि फूड ऑन व्हील्स कांसेप्ट के तहत श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा स्टेशन पर रेस्टोरेंट ऑन व्हील्स सेवा आज से प्रारंभ कर दी गई है। एक पुराने कोच को अत्याधुनिक रेस्टोरेंट में तबदील कर इसे अच्छी लुक प्रदान की गई है जो यहां देश-विदेश से आने वाले यात्रियों का ध्यान आकर्षित करेगा।
यह रेस्टोरेंट साज-सज्जा से भरपूर है और यात्रियों को स्टेशन पर ही स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद मिलेगा। सबसे बड़ी विशेषता यह रेस्टोरेंट 24 घंटे खुला रहेगा। प्रथम चरण में इसे 5 वर्ष तक के लिए प्रारंभ किया गया है।
