श्री अमरनाथ यात्रा: बालटाल, पहलगाम से बहाल हुई यात्रा, जम्मू से दूसरे दिन नहीं रवाना हुआ जत्था

punjabkesari.in Monday, Jul 10, 2023 - 07:26 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

जम्मू (संजीव): जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह भूस्खलन की घटनाओं के चलते रविवार को लगातार दूसरे दिन भी जम्मू से श्री अमरनाथ यात्रियों का जत्था रवाना नहीं हो पाया। ऐसे में जम्मू में अमरनाथ यात्रियों की संख्या काफी बढ़ गई है। प्रशासन ने यात्री निवास और धर्मशालाओं समेत 32 स्थानों पर तीर्थ यात्रियों को ठहराया हुआ है। 

1100  रुपए मूल्य की जन्म कुंडली मुफ्त में पाएं। अपनी जन्म तिथि अपने नाम, जन्म के समय और जन्म के स्थान के साथ हमें 96189-89025 पर व्हाट्सएप करें

हालांकि मौसम में सुधार आने पर पहलगाम और बालटाल आधार शिविरों में ठहराए गए तीर्थ यात्रियों को पवित्र गुफा की तरफ रवाना किया गया है। 2 दिन से यात्रा को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं मिलने की वजह से बालटाल और पहलगाम आधार शिविरों में ही करीब 20,000 तीर्थ यात्री रुके हुए थे। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग में रामबन और बनिहाल में कई स्थानों पर लगातार तीसरे दिन भी भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग बंद रहा। ऐसे में बड़ी संख्या में वाहन और यात्री बीच रास्ते में ही रुके हुए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब हालत को देखते हुए प्रशासन ने जम्मू-श्रीनगर के पुराने मार्ग को खोलने के प्रयास तेज करने के अलावा राजौरी और पुंछ जिलों में कश्मीर से जोड़ने वाले वैकल्पिक मार्ग मुगल रोड को भी यातायात के लिए बहाल किया है ताकि अगर जरूरत पड़े तो मुगल रोड के माध्यम से भी श्री अमरनाथ यात्रियों के जत्थे को रवाना किया जा सके। 

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जम्मू से यात्रा को कोई नया जत्था रवाना न होने की वजह से जम्मू में करीब 10,000 तीर्थ यात्री रुके हुए हैं। इन यात्रियों के ठहरने और खाने-पीने की पर्याप्त व्यवस्था 32 स्थानों पर की गई है। उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर में रविवार दोपहर बाद मौसम में  काफी सुधार आया है। ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि सोमवार को जम्मू से तीर्थ यात्रियों के जत्थे को पहलगाम और बालटाल के लिए रवाना किया जाएगा।

PunjabKesari kundli


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News