Sagarpur Tension: मुहर्रम पर झंडा लहराने को लेकर दो समुदाय में तनाव, पुलिस ने मोर्चा संभाला

punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 11:32 AM (IST)

नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): सागरपुर इलाके में मुहर्रम के दौरान धार्मिक झंडा लहराने को लेकर शुरू हुआ विवाद मंगलवार को और गहरा गया। डीडीए पार्क में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के हनुमान चालीसा पाठ के लिए पहुंचने पर दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। तकरार के बाद दोनों पक्षों में पथराव तक की नौबत आ गई। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। लेकिन इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस जवानों को इलाके में तैनात कर दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक विवाद की शुरुआत शुक्रवार को मुहर्रम के जुलूस के दौरान हुई थी। आरोप है कि जुलूस में कुछ लोग हरे रंग का धार्मिक झंडा लहरा रहे थे। स्थानीय लोगों के एक वर्ग ने इसे पाकिस्तान का झंडा बताते हुए विरोध जताया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस भी हुई। इसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।  

हिंदू संगठनों ने मंगलवार को डीडीए पार्क में हनुमान चालीसा के पाठ का आह्वान किया। मंगलवार शाम 7 बजे बजरंग दल कार्यकर्ता पार्क में पहुंचे तो वहां दोनों समुदायों के लोग जुटने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित कर दोनों पक्षों को अलग किया। 

साउथ वेस्ट डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि मंगलवार शाम गली नंबर-8 स्थित डीडीए पार्क में हनुमान चालीसा के पाठ के दौरान विवाद की सूचना मिली थी। पुलिस ने समय रहते मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पा लिया। सागरपुर की गली नंबर 8 में  डीडीए पार्क में दो समुदाय के बीच बहस व पत्थर मामले में सागरपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। 

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News