Rama Navami Shobha Yatra: राम नाम के जयकारों से गूंजा आसमां, भव्य शोभायात्रा ने छोड़ी अमिट छाप

punjabkesari.in Friday, Mar 31, 2023 - 08:56 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

जालन्धर (पुनीत डोगरा) : भगवान राम के प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित की गई भव्य शोभायात्रा में असंख्य भक्तों की उपस्थिति से महानगर जालंधर ने अयोध्या नगरी का रूप धारण कर लिया। शोभायात्रा में शामिल भक्तों ने राम कृपा के सागर में डुबकी लगाकर जीवन धन्य करके पुण्य कमाया। श्री रामनवमी उत्सव कमेटी की अध्यक्षता में हुए इस आयोजन में मुख्यमंत्री भगवंत मान, नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, केन्द्रीय राज्यमंत्री सोमप्रकाश, पूर्व मुख्यमंत्री राजिंद्र कौर भट्ठल, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों, धार्मिक उत्सव कमेटियों, सामाजिक व व्यापारिक संगठनों के सदस्य शामिल हुए। 

1100  रुपए मूल्य की जन्म कुंडली मुफ्त में पाएं। अपनी जन्म तिथि अपने नाम, जन्म के समय और जन्म के स्थान के साथ हमें 96189-89025 पर व्हाट्सएप करें

हिन्द समाचार ग्राऊंड में श्री रामनवमी उत्सव कमेटी के प्रधान श्री विजय कुमार चोपड़ा की अध्यक्षता में हुए इस आयोजन के दौरान श्री चैतन्य महाप्रभु, श्री राधा-माधव मंदिर के भक्तवृंदों ने संकीर्तन करते हुए राम नाम की अमृत धारा का प्रवाह किया। दोपहर ठीक 12 बजे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जन्म समय उत्पन्न हुए नक्षत्र, लगन और मुहूर्त के बीच प्रभु राम की जन्म स्तुति का पाठ किया गया। 

जैसे ही पंडाल में ‘भय प्रकट कृपाला दीनदयाला कौसल्या हितकारी’ का जाप शुरू हुआ तो पंडाल में उपस्थित समस्त नर-नारियों ने अपने स्थान पर खड़े होकर ‘जय श्री राम’ का जयघोष किया तो यूं लगा कि प्रत्येक व्यक्ति के मन में प्रभु स्वयं विराजमान हैं तथा सबके लिए प्रसन्नता बिखेर रहे हैं। इस दौरान गोहाना वाले भक्त हंसराज जी की परम्परा को आगे बढ़ाते हुए श्रीमती रेखा विज ने भगवान राम का संकीर्तन व अमृतवाणी का पाठ करते हुए राम नाम की महिमा का व्याख्यान किया। 

राममय माहौल के बीच जैसे ही उन्होंने ‘अवध में राम आए हैं’ भजन गुनगुनाना शुरू किया तो हर दिल में न केवल राम नाम की धुन गूंजने लगी बल्कि सभी को ऐसा लगा कि सचमुच प्रभु राम पंडाल में पहुंच कर आशीर्वाद दे रहे हैं। इसी दौरान पहुंचे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राम भक्तों का अभिवादन स्वीकार किया व ज्योति प्रज्वलित करके शोभायात्रा का शुभारंभ किया। शोभायात्रा की रवानगी समय विभिन्न झांकियों में बैठे श्री राम के स्वरूपों की महिमा देखते ही बन रही थी। श्री अविनाश चोपड़ा व श्री अमित चोपड़ा ने शोभायात्रा कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले गण्यमान्यों का स्वागत किया। 

सभी धर्मों के प्रतिनिधियों ने की शिरकत 
हिन्दू, सिख, मुस्लिम व ईसाई भाईचारे के नेताओं के अतिरिक्त श्री रामनवमी उत्सव कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य वीरेन्द्र शर्मा, विवेक खन्ना, तरसेम कपूर, प्रिंस अशोक ग्रोवर, नवल कम्बोज, एम.डी. सभ्रवाल, सुदेश विज, विनोद अग्रवाल, सुमेश आनंद, अनिल नैयर, डा. मुकेश वालिया, रविंद्र खुराना, गौरव महाजन, पवन कुमार भोढी, रमेश सहगल, सुनीता भारद्वाज, गुलशन सभ्रवाल, मट्टू शर्मा, प्रदीप छाबड़ा, हेमंत शर्मा, सुनील शर्मा भी उपस्थित थे। इनके अलावा आतंकवाद विरोधी फ्रंट के अध्यक्ष मनिंदरजीत सिंह बिट्टा, वामपंथी नेता मंगत राम पासला भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन अवनीश अरोड़ा ने किया। 

PunjabKesari kundli


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News