Pisces 2025 Prediction: मीन राशि वालों के लिए बड़ी भविष्यवाणी, अगले 4 महीने में होंगे बड़े बदलाव

punjabkesari.in Monday, Sep 01, 2025 - 01:01 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Pisces 2025 Prediction: मीन राशि वालों के लिए यह जाता हुआ साल बहुत ही महत्वपूर्ण है। महत्वपूर्ण इसलिए भी है क्योंकि अब कई ग्रह मिलकर मीन राशि वालों की लाइफ में महत्वपूर्ण बदलाव लाने वाले हैं। कई क्षेत्रों में मीन राशि वालों का डंका बजेगा और कई क्षेत्रों में जबरदस्त कामयाबी भी मिलेगी। हालांकि मीन राशि पर शनि की साडेसाती भी चल रही है लेकिन इसके बावजूद कई ग्रह अब मीन राशि वालों की मंजिल का रास्ता आसान करने वाले हैं। आपकी विल पावर को स्ट्रांग करने वाले हैं। आपके सपनों को पूरा करने वाले हैं और आपको आपकी मेहनत का फल भी देने वाले हैं। 

आपके जन्म के समय चंद्रमा जिस राशि में गोचर कर रहे होते हैं, वही कुंडली में आपकी चंद्र राशि होती है। जिन लोगों का नाम  दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची से शुरू होता है तो ऐसे लोगों की मीन राशि होती है। मीन राशि के लोग बहुत समझदार होते हैं।  मल्टी टैलेंटेड होते हैं। गहरी भावनाओं और संवेदनशीलता से भरे होते हैं। यानी इमोशनल भी होते हैं और कल्पनाशील भी होते हैं। दूर दृष्टि वाले भी होते हैं. दूर की सोचते हैं और कल्पनाओं में खो जाना उन्हें बेहद पसंद होता है। ये लोग अक्सर दूसरों के दुख-दर्द को महसूस कर लेते हैं और दूसरों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। मीन राशि वाले अच्छे दोस्त और सलाहकार साबित होते हैं। उनकी सोच रचनात्मक और कलात्मक होती है, जो उन्हें कला, संगीत और साहित्य जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट बनाती है।  उनके व्यक्तित्व में एक अलग आकर्षण रहता है।

अब अगले 4 महीने यानी 31 दिसंबर 2025 तक का समय मीन राशि वालों के लिए कई मोर्चों पर बहुत ही शानदार रहने वाला है। आपकी लव लाइफ में, आपके कैरियर में, आपके बिज़नस में और जिंदगी में कुछ बड़ा होने वाला है। कुछ ऐसी घटनाएं भी आपके साथ होगी जो आपको रोमांचित करेंगी। ग्रहों के खेल की शुरुआत नवग्रह में गुरु का दर्जा हासिल बृहस्पति की चाल से करते हैं। देवगुरु बृहस्पति इस समय मिथुन राशि में  गोचर कर रहे हैं और वह अतिचारी अवस्था में है यदि तीन गुना तेज रफ्तार में चल रहे हैं। देवगुरु बृहस्पति 18 अक्तूबर 2025 को मिथुन राशि से कर्क राशि में जाएंगे जो देवगुरु बृहस्पति की उच्च राशि है। उच्च राशि में आकर बृहस्पति हमेशा परम बलशाली हो जाते हैं। 

11 नवंबर को गुरु कर्क राशि में वक्री अवस्था में चले जाएंगे, यानि उल्टी चाल चलेंगे। फिर साल के अंत में 5 दिसंबर को देवगुरु बृहस्पति उल्टी चाल में ही फिर से मिथुन राशि में प्रवेश कर जाएंगे। यानी अगले 4 महीने देवगुरु बृहस्पति मीन राशि वालों के लाइफ पर जबरदस्त असर डालने वाले हैं क्योंकि मीन राशि देवगुरु बृहस्पति की अपनी राशि है। देव गुरु बृहस्पति के बाद अब शनि देव की बात करते हैं। शनि देव 13 जुलाई से  उल्टी चाल चल रहे हैं यानी रेट्रोग्रिड हैं और 28 नवंबर 2025 तक वक्री अवस्था में रहेंगे और कुंभ राशि भी शनि के प्रभाव से अछूती नहीं रहेगी. क्योंकि मीन राशि पर शनि की साढ़ेसाती भी चल रही है।

राहु और केतु यह दोनों ग्रह इस साल के बाकी महीना में अब कोई राशि परिवर्तन नहीं करने वाले। राहु कुंभ राशि में और केतु सिंह राशि में गोचर करते रहेंगे। लेकिन इन 4 महीना के दौरान सूर्य 4 बार राशि परिवर्तन करेंगे। मंगल, बुध, शुक्र का राशि परिवर्तन 2 से 3 बार होगा। चंद्रमा तो हर अढ़ाई दिन के बाद अपनी राशि बदल लेते हैं। 7 सितंबर को चंद्र ग्रहण और 21 सितंबर को सूर्य ग्रहण लगेगा। यह दोनों ग्रहण भी मीन राशि वालों की लाइफ पर असर डालेंगे। ग्रहों का यह परिवर्तन अगले 6 महीनों के दौरान मीन राशि वालों की जिंदगी के अलग-अलग पहलू पर गहरा असर डालने वाला है। 

अगले 4 महीना के दौरान ग्रहों की चाल से मीन राशि वालों के करियर और व्यवसाय में लगातार तरक्की होगी। इस समय आपकी मेहनत दोगुना रंग लाएगी। जो लोग नौकरी में प्रमोशन या नई जिम्मेदारी की उम्मीद कर रहे हैं, उन्हें शुभ समाचार मिल सकता है। बिजनेस करने वालों के लिए भी यह समय बड़ा लाभकारी रहेगा। कोई बड़ा सौदा हो सकता है. कोई बड़ी डील फाइनल हो सकती है। बिजनेस में नया पार्टनर मिल सकता है जिसके साथ आप बिजनेस को नहीं ऊंचाई दे सकते हैं। पुरानी इन्वेस्टमेंट से भी आपको लाभ मिलेगा और नई इन्वेस्टमेंट करने के लिए भी समय आपकी फेवर में रहने वाला है। खासकर सितंबर और अक्टूबर का महीना नई प्रॉपर्टी खरीदने और नई इन्वेस्टमेंट करने के लिए बहुत उपयुक्त रहने वाला है। यदि आप विदेश में नौकरी या व्यापार करना चाहते हैं, तो यह समय आपके लिए भाग्यशाली रहेगा। ग्रहों का खेल आपको अपार धन लाभ और स्थिरता देने वाला है।

देवगुरु बृहस्पति तथा मंगल की आप पर पूरी कृपा बरसने वाली है। यदि आप किसी कानूनी मामले में फंसे हैं, तो अब आपको राहत मिलने वाली है। शनि के प्रभाव से न्याय मिलेगा और पुराने अटके मामले हल होंगे। आपके विरोधी चारों खाने चित होंगे और हर क्षेत्र में आपका दबदबा बढ़ेगा। तरक्की के रास्ते भी खुलते चले जाएंगे और रास्ते की रुकावटें भी दूर होंगी। विद्यार्थियों के लिए भी समय शुभ रहने वाला है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लोगों के लिए यह समय उपलब्धियों से भरा रहेगा। परिश्रम का पूरा फल मिलेगा। विदेश जाकर पढ़ाई करने का सपना पूरा हो सकता है और विदेश में सेटल होने का सपना भी पूरा हो सकता है। मीन राशि देवगुरु बृहस्पति की अपनी राशि है और देवगुरु बृहस्पति की कृपा से यह समय आपको आध्यात्मिक रूप से भी मजबूत बनाएगा। साधना और ध्यान करने वालों को विशेष लाभ होगा।

अब 31 दिसंबर 2025 तक सूर्य, गुरु, बुध, शुक्र और मंगल का  गोचर आपकी लव लाइफ और फैमिली लाइफ के लिए भी बेहद सुखद रहने वाला है। मीन राशि वालों को सचमुच में सच्चे रिश्तों की पहचान होगी। गुरु की कृपा से अब आपका दिल और दिमाग दोनों स्पष्ट रहेंगे।जो लोग सिंगल हैं, उन्हें किसी खास व्यक्ति का साथ मिल सकता है। शादीशुदा लोगों के लिए यह समय रिश्ते को और मजबूत करने का होगा। जो लोग लंबे समय से विवाह की प्रतीक्षा कर रहे हैं, उनके लिए योग्य जीवनसाथी मिलने के संकेत हैं। प्रेम संबंधों में पारिवारिक सहमति मिलने की संभावना है। यही नहीं देवगुरु बृहस्पति मीन राशि वालों को यात्रा और विदेश संबंधी कार्यों में भी सफलता देने वाले हैं। अगर नौकरीपेशा लोग अपने रोजगार में बदलाव की योजना बना रहे हैं तो यह योजना पूरी होगी और तरक्की में आ रही सभी रुकावटें दूर होंगी । 

 गुरमीत बेदी
 9418033344

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News