नाग पंचमी पर उज्जैन में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन ने कसी कमर
punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 12:17 PM (IST)
Nag Panchami News Ujjain : उज्जैन में नागपंचमी पर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 17 अगस्त को नागपंचमी के साथ श्रावण मास का तीसरा सोमवार भी है। ऐसे में बाबा महाकाल की सवारी और भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन, सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रशासन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है।
श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान नागचंद्रेश्वर के पट 16 अगस्त की रात 12 बजे से 17 अगस्त की रात 12 बजे तक श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुले रहेंगे। पट खुलने के समय रात 11:30 से 12 बजे तक महंत पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े द्वारा प्रथम पूजन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे शासकीय पूजन और शाम की आरती के समय मंदिर के पुजारी-पुरोहित पूजन करेंगे।
नागपंचमी की व्यवस्थाओं को लेकर श्री महाकाल महालोक के त्रिनेत्र बैठक कक्ष में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक और महंत विनीत गिरि सहित अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में सुगम दर्शन के साथ पार्किंग, यातायात, पेयजल, साफ-सफाई, चिकित्सा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
श्रद्धालुओं के लिए मघदूत पार्किंग, कर्कराज पार्किंग, कार्तिक मेला ग्राउंड और धन उपार्जन केंद्र बड़नगर रोड पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। वहीं जगह-जगह पूछताछ एवं खोया-पाया केंद्र, अस्थायी फायर स्टेशन और प्राथमिक चिकित्सा केंद्र बनाए जाएंगे। दिव्यांग और बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए व्हीलचेयर की सुविधा उपलब्ध रहेगी। चयनित स्थानों पर अस्थायी जूता स्टैंड और लड्डू प्रसाद के काउंटर भी लगाए जाएंगे। प्रशासन ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नागपंचमी पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरी की जाएं।
(विशाल ठाकुर)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
