Muni Shri Tarun Sagar: यदि कोई विश्वास को तोड़ दे तो उसे माफ कर दीजिए लेकिन उसका नाम याद रखिए

punjabkesari.in Saturday, Apr 12, 2025 - 12:48 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

जिम्मेदारी नहीं निभा रहे
दुनिया में बुराइयां हैं, मगर क्यों? क्योंकि अच्छे लोग अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे। अच्छे लोग एकांतवासी होते जा रहे हैं। अपनी प्रतिष्ठा और नाम को बनाए रखने के लिए लोग बुरे लोगों के लिए कुर्सी खाली कर रहे हैं। याद रखना : कुर्सी कभी खाली नहीं रहती। अच्छे लोग उस पर नहीं बैठेंगे तो स्वाभाविक है बुरे लोग उस पर कब्जा कर लेंगे और फिर संचालन की डोर उनके हाथों में होगी। इस देश में आज यही हो रहा है। परिणाम सबके सामने हैं।

Muni Shri Tarun Sagar

यही एक संकल्प
मेरा ख्याल है कि अब शादी के समय लड़का और लड़की की कुंडली मिलाने की जगह लड़की और उसकी होने वाली सास की कुंडली मिलानी चाहिए। कारण कि इन दोनों का ही दिन भर आमना-सामना होता है। लड़के-लड़की की कुंडली क्या मिलाना, वे तो यूं ही मिल जाएंगे। सुख-गृहस्थी के लिए वर-वधू को शादी के समय सिर्फ यही एक संकल्प लेना चाहिए कि मैं आग बनूं तो तू पानी बन जाना और तू अंगार बनेगी तो मैं जलधारा बन जाऊंगा।

PunjabKesari Muni Shri Tarun Sagar
जब भूख लगे
भूख लगे तो खाना प्रकृति है। भूख न लगे तब भी खाना विकृति है और स्वयं भूखे रहकर किसी भूखे को खिला देना संस्कृति है। भोजन यह सोच कर मत करो कि मैं खा रहा हूं, बल्कि यह सोच कर करो कि मेरे भीतर जो मेरा प्रभु विराजमान है, उसे मैं अर्घ्य चढ़ा रहा हूं। तुम जब यह सोच कर भोजन करोगे तो फिर कभी मांस, मदिरा और जर्दा आदि नहीं खा सकोगे। क्या तुम कभी परमात्मा को उनका भोग लगाते हो? नहीं! तो फिर इन्हें अपने पेट में डाल कर अपने भीतर बैठे प्रभु को अपमानित क्यों करते हो?

PunjabKesari Muni Shri Tarun Sagar
सबसे बड़ा तीर्थ
दुनिया का सबसे बड़ा तीर्थ? मां की गोद, क्योंकि इस गोद में खुद तीर्थंकर और अवतार खेले हैं। प्यार कब रोता है? जिस दिन घर के आंगन में एक नई दीवार खड़ी हो जाती है, उस दिन दो भाइयों का प्यार छुप-छुपकर रोता है। घोड़ी पर चढ़ा हुआ दूल्हा बारात में क्या विचार करे? यही कि जो आज बारात लेकर आ रहे हैं, कल मेरी अर्थी भी ये ही लोग उठाएंगे। यदि कोई विश्वास को तोड़ दे तो? उसे माफ कर दीजिए लेकिन उसका नाम याद रखिए।

PunjabKesari Muni Shri Tarun Sagar

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News