Mirror Vastu Tips : सिर्फ सजने के लिए नहीं है आईना ! वास्तु के इन रहस्यों को जानकर दंग रह जाएंगे आप
punjabkesari.in Saturday, Jan 10, 2026 - 03:26 PM (IST)
Mirror Vastu Tips : वास्तु शास्त्र में शीशा केवल चेहरा देखने वाली वस्तु नहीं, बल्कि ऊर्जा को मोड़ने और उसे कई गुना बढ़ाने वाला एक शक्तिशाली यंत्र माना गया है। घर में आईना अगर सही जगह हो, तो खुशहाली का रिफ्लेक्शन होता है, लेकिन अगर यह गलत जगह लग जाए, तो मानसिक और आर्थिक अशांति का कारण बन सकता है। तो आइए जानते हैं शीशे से जुड़े वास्तु रहस्य के बारे में-

दिशाओं का खेल
वास्तु के अनुसार, शीशा लगाने के लिए सबसे शुभ दिशाएं उत्तर और पूर्व मानी गई हैं।
उत्तर दिशा
यह धन के देवता कुबेर की दिशा है। यहाँ आईना लगाने से आर्थिक लाभ के अवसर बढ़ते हैं।
पूर्व दिशा
यहां शीशा लगाने से समाज में मान-सम्मान बढ़ता है और घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
दक्षिण और पश्चिम से बचें
इन दिशाओं में शीशा लगाने से घर में अनावश्यक तनाव और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
आईने का आकार कैसा हो ?
आजकल फैशन के दौर में लोग टेढ़े-मेढ़े या नुकीले शीशे पसंद करते हैं, जो वास्तु के अनुसार गलत है। हमेशा वर्गाकार या आयताकार शीशे का चुनाव करें। ये ऊर्जा को संतुलित रखते हैं। गोल या अंडाकार शीशा ऊर्जा को बिखेर देता है, जिससे विचारों में अस्थिरता आती है।
बाथरूम में शीशे का स्थान
बाथरूम में शीशा लगाते समय अक्सर लोग गलती करते हैं। कभी भी बाथरूम के दरवाजे के ठीक सामने शीशा न लगाएं। दरवाजा खुलते ही जो ऊर्जा अंदर आती है, आईना उसे वापस बाहर धकेल देता है। आईना ऐसी ऊंचाई पर लगाएं कि आपका चेहरा स्पष्ट दिखे। आईने में टॉयलेट सीट का प्रतिबिंब बिल्कुल नहीं दिखना चाहिए, वरना नकारात्मकता बढ़ती है।
बेडरूम में आईना: एक बड़ी चेतावनी
वास्तु में बेडरूम में शीशा लगाने को लेकर खास सावधानी बरतने को कहा गया है। सोते समय शरीर का कोई भी हिस्सा शीशे में नहीं दिखना चाहिए। माना जाता है कि इससे उस हिस्से में बीमारी हो सकती है या पति-पत्नी के बीच अनबन बढ़ सकती है।
अगर जगह की कमी के कारण आईना बेड के सामने है, तो रात को सोते समय उसे कपड़े से ढंक दें।
टूटे और गंदे शीशे का असर
अक्सर लोग हल्के से चटके हुए शीशे को नजरअंदाज कर देते हैं, जो बहुत बड़ा वास्तु दोष है। यह घर में टूटे हुए रिश्तों और बिखरे हुए भाग्य का प्रतीक है। इसे तुरंत घर से बाहर करें। गंदा या धुंधला आईना आपकी मानसिक स्पष्टता को खत्म करता है। शीशे को हमेशा साफ और चमकदार रखें ताकि वह आपकी प्रगति को स्पष्ट रूप से प्रतिबिंबित करे।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
